ग्राम पंचायत तवाव में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजितः राजस्व और विकास कार्यों का हुआ त्वरित निस्तारण
Bhinmal (मुकेश सोलंकी)। ग्रामीण सेवा शिविर अभियान के तहत सोमवार को ग्राम पंचायत तवाव में एक विशाल शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विभिन्न विभागों के आला अधिकारी और कर्मचारी एक ही छत के नीचे मौजूद रहे, जिससे ग्रामीणों को अपने अटके हुए कार्यों को पूरा करवाने में बड़ी राहत मिली।शिविर में प्रशासनिक और पंचायती राज विभाग के अधिकारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए ऑन-द-स्पॉट मामलों का निस्तारण किया।
इस दौरान महत्वपूर्ण कार्य संपन्न किए गए जिसमें राजस्व मामले में शिविर में कुल 40 म्यूटेशन (नामांतरण) खोले गए। इसके साथ ही 3 आपसी बटवारे, 20 सम्मानजनक नाम जोड़ने और धारा 136 के 2 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर ग्रामीणों को राहत दी गई। कृषि एवं किसान कल्याण में किसानों के हित में कदम उठाते हुए 20 लाभार्थियों को ‘पीएम किसान सम्मान निधि’ से जोड़ा गया, जबकि 10 नए फार्मर रजिस्ट्रेशन (किसान पंजीकरण) किए गए।
*अधिकारियों की रही उपस्थिति*
शिविर में तहसीलदार नीरजा कुमारी, विकास अधिकारी (BDO) हितेश त्रिवेदी, राजस्व निरीक्षक (RI) राजेंद्र बोहरा, पटवारी सुरेश कुमार, अशोक कुमार, भरत देवासी, ग्राम विकास अधिकारी (VDO) रमेश डारा, स्थानीय सरपंच कमलेश कुमार और राजस्व लिपिक मनोहर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। सरपंच कमलेश कुमार और ग्रामीणों ने इस शिविर को बेहद लाभकारी बताते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप अंतिम छोर के व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनके राजस्व मामलों को मौके पर ही सुलझाना ही इस शिविर का मुख्य उद्देश्य है।
