Bhinmal में शिक्षा विभाग की ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित, शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार पर जोर
उपखंड अधिकारी रामलाल मीणा की अध्यक्षता में हुई बैठक, पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों, छात्रवृत्ति योजनाओं और विभागीय कार्यों की समयबद्ध पालना पर हुई चर्चा
Bhinmal (मुकेश सोलंकी)। शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाने और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से भीनमाल ब्लॉक के यूसीईईओ (UCEEO), पीईईओ (PEEO) तथा समस्त राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्यों की विभागीय समीक्षा एवं निष्पादन बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपखंड अधिकारी रामलाल मीणा ने की। इसमें मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) गजेन्द्र कुमार देवासी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने, विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने तथा प्रशासनिक निर्देशों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों पर निर्देश
उपखंड अधिकारी रामलाल मीणा ने आगामी पंचायतीराज चुनावों के मद्देनजर मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने और चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने पर जोर दिया।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गजेन्द्र कुमार देवासी ने ब्लॉक रैंकिंग में सुधार, शाला संबलन, एसएनए स्पर्श, रीडिंग प्रमोशन कैंपेन तथा विभागीय आदेशों की समयबद्ध पालना सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।
छात्रवृत्ति और विद्यार्थी कल्याण योजनाओं की समीक्षा
सहायक मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रामनिवास बिश्नोई ने जनाधार प्रमाणीकरण, पंचायतीराज चुनाव 2026 की तैयारियों और राज्य स्तरीय समान परीक्षा से जुड़े विषयों पर जानकारी साझा की।
संदर्भ व्यक्ति महेन्द्र सिंह राजपूत ने विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं, बालिकाओं एवं विद्यार्थियों को आयरन-फोलिक एसिड टैबलेट वितरण, एसएनए स्पर्श, आईसीटी लैब से संबंधित कार्यों तथा विद्यालय इंफ्रास्ट्रक्चर मॉड्यूल को अद्यतन करने के संबंध में जानकारी दी।
बोर्ड परीक्षा आवेदनों और शैक्षणिक अभियानों पर चर्चा
संदर्भ व्यक्ति तेजपाल सिंह ने कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षा के आवेदनों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने ‘पढ़ो राजस्थान’ अभियान, ‘माय भारत’ पोर्टल पर पंजीयन तथा दक्षता आधारित आकलन (CBA) के परिणामों की स्थिति से भी अधिकारियों को अवगत कराया।
बैठक में समग्र शिक्षा के सहायक अभियंता कालूराम, पियूष दवे और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों से संबंधित सीडब्ल्यूएसएन संदर्भ व्यक्ति प्रवीण चौहान ने भी अपने विचार साझा किए।
शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर
बैठक में खंड समन्वयक विजय सिंह, सहायक प्रशासनिक अधिकारी नीरज कुमार दवे, कनिष्ठ सहायक अनंत भारती, बीसीआई भजनलाल, एमआईएस गौरव शर्मा, सुरेश कुमार सहित भीनमाल ब्लॉक के समस्त राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
बैठक में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने, विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, विद्यालयों के आधारभूत ढांचे से जुड़े रिकॉर्ड अद्यतन रखने और विभागीय कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
