भीनमाल खाद्य व्यापार संघ ने नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष मनोज गुप्ता और उपाध्यक्ष मफीदेवी माली का सम्मान किया। शहर के विकास और स्वच्छता पर चर्चा के साथ हेल्पलाइन नंबर जारी करने की घोषणा हुई।
खाद्य व्यापार संघ ने किया नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का बहुमान, विकास और स्वच्छता पर हुआ मंथन
भीनमाल की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जल्द जारी होगा हेल्पलाइन नंबर: मनोज गुप्ता
भीनमाल (मुकेश सोलंकी)। स्थानीय खाद्य व्यापार संघ की ओर से नगर पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज गुप्ता एवं उपाध्यक्ष मफीदेवी माली पत्नी लालाराम माली के सम्मान में स्वागत एवं स्नेहमिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के व्यापारिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान भीनमाल के सर्वांगीण विकास, स्वच्छता व्यवस्था और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर विचार-मंथन भी हुआ।
समारोह में खाद्य व्यापार संघ अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष मनोज गुप्ता को साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। उपाध्यक्ष मफीदेवी माली का स्वागत शंकरलाल माहेश्वरी ने किया। वहीं रमेश माली ने खाद्य व्यापार संघ अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल का बहुमान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए शेखर व्यास, भगवानदास राठी एवं पुखराज माली ने शहर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को सामने रखा। भाजपा जिला मंत्री महेंद्र सोलंकी ने कहा कि जनता को नए नगरपालिका बोर्ड से काफी अपेक्षाएं हैं। बोर्ड को जन-आकांक्षाओं के अनुरूप शहर के विकास के लिए कार्य करना होगा।
भाजपा नगर अध्यक्ष प्रवीण एम. दवे ने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
आमजन के लिए जारी होगा हेल्पलाइन नंबर
नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि भीनमाल को स्वच्छ और सुंदर बनाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। आमजन की समस्याओं को तेजी से नगरपालिका तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए जल्द ही हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा। उन्होंने शहर के विकास में नागरिकों और व्यापारिक संगठनों से भी सहयोग की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष सांवलाराम देवासी, कैट व्यापार संघ अध्यक्ष पुखराज गहलोत, रीको इंडस्ट्रीज व्यापार संघ अध्यक्ष सोमाराम माली, कृषि मंडी मर्चेंट संघ अध्यक्ष श्याम खेतावत, मनिहारी फुटवियर एसोसिएशन अध्यक्ष भोपालसिंह, टेंट एसोसिएशन अध्यक्ष बाबूलाल माली, मोबाइल एसोसिएशन अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राणावत, रेडीमेड एसोसिएशन अध्यक्ष श्रवणसिंह राव, मेडिकल एसोसिएशन अध्यक्ष रमेश दवे, समाजसेवी लालाराम माली, मीठालाल जांगिड़, संयुक्त व्यापार संघ उपाध्यक्ष अर्जुनसिंह भूतेल सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा भंवरलाल माली, ओमप्रकाश माहेश्वरी, नरेश सुखाड़िया, शंकरलाल माहेश्वरी, राजेश छाजेड़, सीए जितेंद्र माली, किशोर सांखला, पंकज माली, विक्रमसिंह ईरानी, अशोक धारिवाल, मुलसिंह, महेंद्र जीनगर, ओमप्रकाश माली और मुकेश महेश्वरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

