इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी के आरोपों में चल रहे पांच साल के भ्रष्टाचार ट्रायल को समाप्त करने के लिए उन्होंने राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से माफी देने का अनुरोध किया है। नेतन्याहू का कहना है कि ऐसा करना ‘राष्ट्र के हित’ में होगा। यह कदम बेहद दुर्लभ माना जा रहा है, क्योंकि इज़राइल में दोष स्वीकार किए बिना माफी नहीं दी जाती।
राष्ट्रपति हर्जोग के कार्यालय ने बताया कि प्रधानमंत्री के वकील की ओर से 111 पन्नों का प्रस्ताव भेजा गया है, जिसे न्याय मंत्रालय के क्षमादान विभाग और राष्ट्रपति के कानूनी सलाहकार समीक्षा करेंगे। राष्ट्रपति सभी राय मिलने के बाद जिम्मेदारी और ईमानदारी से फैसला लेंगे।
नेतन्याहू ने अपने टीवी बयान में कहा कि व्यक्तिगत रूप से वह अदालत में बेगुनाही साबित करना चाहते हैं, लेकिन राष्ट्रीय एकता और देश की स्थिरता के लिए ट्रायल समाप्त होना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि ट्रायल “हमारे समाज में दरारें गहरा रहा है और तनाव बढ़ा रहा है।”
उनके वकीलों के अनुसार, आरोपों के सबूत अदालत में पेश किए जा रहे हैं, लेकिन सुरक्षा और राष्ट्रीय हित इसे रोकने की मांग करते हैं। नेतन्याहू ने कहा कि इससे तनाव कम होगा और समाज में मेल-मिलाप बढ़ेगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि बिना दोष स्वीकार किए माफी देना नेतन्याहू के लिए संवैधानिक और राजनीतिक संकट पैदा कर सकता है। अंतिम फैसला सुप्रीम कोर्ट को करना पड़ सकता है। इज़राइल में 40 साल पहले केवल एक ही मामले में आरोप तय होने से पहले माफी दी गई थी, जिसमें खुफिया अधिकारियों ने अपना दोष स्वीकार कर लिया था।

वहीं विपक्ष ने इस कदम का विरोध किया है। Yesh Atid पार्टी के नेता यायर लैपिड ने कहा कि दोष स्वीकार किए बिना और राजनीति छोड़े बिना नेतन्याहू को माफी नहीं दी जा सकती। डेमोक्रेट्स पार्टी के नेता यायर गोलन ने कहा कि केवल दोषी ही माफी मांगते हैं, और नेतन्याहू को जिम्मेदारी लेकर राजनीति छोड़नी होगी।
