अतिशय क्षेत्र बरासोजी में महामस्तकाभिषेक एवं वार्षिक मेला महोत्सव सम्पन्न
मुरैना/भिंड। अतिशय क्षेत्र बरासोजी में भगवान महावीर स्वामी के महामस्तकाभिषेक एवं वार्षिक मेला महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। महोत्सव में मुरैना-भिंड सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु और धर्मावलंबी शामिल हुए। आयोजन के दौरान निकली भगवान श्रीजी की भव्य शोभायात्रा और महामस्तकाभिषेक श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे।
जैन समाज के मीडिया प्रभारी सोनल जैन ने बताया कि धार्मिक आयोजन की शुरुआत सुबह नित्यपूजन के साथ हुई। प्रातः 8 बजे श्रद्धालुओं ने भगवान की पूजा-अर्चना की। इसके बाद सुबह 10 बजे विधान का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने धार्मिक विधियों में सहभागिता की।Mahamasthakabhishek and Annual Fair Held at BarasojI Atishay
भव्य शोभायात्रा ने मोहा मन
दोपहर 3 बजे भगवान श्रीजी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। धार्मिक जयघोष और भक्ति भाव के बीच निकली शोभायात्रा ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं में भगवान महावीर स्वामी के प्रति विशेष आस्था और उत्साह देखने को मिला।
शोभायात्रा के पश्चात विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच भगवान महावीर स्वामी का महामस्तकाभिषेक किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान के दर्शन एवं पूजा-अर्चना का लाभ लिया।

अतिथियों का किया सम्मान
महोत्सव में पहुंचे अतिथियों का आयोजकों की ओर से तिलक-वंदन कर स्वागत किया गया। अतिथियों को शाल एवं दुपट्टा पहनाकर तथा भगवान महावीर स्वामी की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया। महामस्तकाभिषेक और शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने से अतिशय क्षेत्र बरासोजी में धार्मिक वातावरण बना रहा। अतिशय क्षेत्र बरासोजी कमेटी की ओर से समाज के सभी श्रद्धालुओं और अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
मंगल आरती के साथ हुआ समापन
धार्मिक कार्यक्रमों का समापन शाम 6 बजे मंगलमय आरती के साथ हुआ। आरती में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भगवान महावीर स्वामी के समक्ष पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम का मंच संचालन उमेश शास्त्री ने किया। महोत्सव में शामिल श्रद्धालुओं के लिए वात्सल्य भोज की व्यवस्था भी की गई। यह व्यवस्था प्रभास जैन, मोनू जैन, रवि जैन एवं कनवर परिवार, उमरी की ओर से की गई।
आयोजकों ने बताया कि वार्षिक मेला महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर भगवान महावीर स्वामी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
