बाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 वर्षीय बालिका हत्या मामले में आरोपी जीजा महाराष्ट्र से गिरफ्तार
रिपोर्ट नरेंद्र सिरवी
गुजरात से महाराष्ट्र तक पीछा कर शाहदा में पुलिस ने आरोपी को घेरा
धार जिले के Bagh थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय नाबालिग बालिका की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बाग पुलिस ने हत्या के आरोपी बालिका के जीजा अनिल पिता शेरसिंह भील को महाराष्ट्र के शाहदा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए गुजरात से महाराष्ट्र तक लगातार पीछा किया और घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था और अलग-अलग स्थानों पर छिपने का प्रयास कर रहा था। पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश करते हुए उसे गिरफ्तार किया।
बालिका के लापता होने के बाद दर्ज हुआ था मामला
पुलिस जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को ग्राम रिसावला, बाग निवासी 12 वर्षीय नाबालिग बालिका के लापता होने की सूचना मिली थी। परिजनों ने संदेह जताया था कि बालिका को उसका सगा जीजा अनिल पिता शेरसिंह भील निवासी सेवरिया, जोबट बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
इस सूचना के आधार पर बाग थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तलाश के दौरान पुलिस को बालिका का शव पाडलिया घाटी क्षेत्र में वन विभाग के एक कुएं में मिला। संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।
जंगल में बने कुएं में मिला था शव
पुलिस के अनुसार, बालिका का शव जंगल क्षेत्र में स्थित एक कुएं में मिला था। कुएं के चारों तरफ सीमेंट की दीवार बनी हुई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में जांच तेज की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और एसडीओपी कुक्षी सुनील गुप्ता के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हिरुसिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया।
गुजरात से महाराष्ट्र तक आरोपी का पीछा
पुलिस जांच के दौरान आरोपी अनिल के गुजरात की ओर जाने की सूचना मिली। इसके बाद एक टीम को गुजरात भेजा गया। पुलिस ने वहां आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन जानकारी मिली कि वह महाराष्ट्र की ओर निकल गया है।
इसके बाद दूसरी पुलिस टीम महाराष्ट्र रवाना की गई। आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलने का प्रयास कर रहा था। पुलिस टीम ने उसका पीछा करते हुए महाराष्ट्र के शाहदा क्षेत्र में घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आई घटना की वजह
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी से प्रारंभिक जानकारी सामने आई है कि उसने फरवरी 2026 में मृतका की बड़ी बहन से इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती की थी और बाद में उसे भगाकर शादी की थी।
पुलिस का कहना है कि वर्तमान में पत्नी के मायके जाने और वापस आने से इनकार करने तथा परिवार द्वारा रिश्ता खत्म करने की बात कहने से आरोपी नाराज था। इसी गुस्से में उसने अपनी 12 वर्षीय साली को जान से मारने की नीयत से जंगल क्षेत्र में बने कुएं में धक्का देने की बात पूछताछ में स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी जंगल के रास्ते घाटी तक पहुंचा और बस से गुजरात फरार हो गया था।
न्यायालय में किया जाएगा पेश
पुलिस ने आरोपी अनिल पिता शेरसिंह दोहदिया, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम सेवरिया दालंजा फलिया, थाना जोबट जिला अलीराजपुर को गिरफ्तार किया है।
आरोपी को 16 जुलाई 2026 को माननीय न्यायालय कुक्षी के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बाग निरीक्षक हिरुसिंह रावत, उप निरीक्षक प्रमिला जमरे, सहायक उप निरीक्षक कमलेश राठोडिया, लोकेश रायपुरिया, दशरथ चौहान, प्रधान आरक्षक भावसिंह रावत, लोकेश शुक्ला, सखाराम गोखले, आरक्षक राजू चौहान, मुकेश किराड, सीताराम डोडवे, दुर्गेश चौहान सहित साइबर सेल के प्रशांत चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
