*Bhinmalमें मेडिकल वेस्ट के खुले निस्तारण पर फूटा गुस्साः सामाजिक संगठनों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, उग्र आंदोलन की चेतावनी*
Bhinmal(मुकेश सोलंकी)।
शहर में कचरा प्रबंधन और मेडिकल वेस्ट के अवैध निस्तारण को लेकर स्थानीय सामाजिक और व्यापारिक संगठनों का आक्रोश चरम पर पहुंच गया है। डंपिंग यार्ड में फैली भारी अव्यवस्थाओं और खुले में फेंके जा रहे बायोमेडिकल कचरे से बेजुबान पशुओं की जान पर बन आई है। इस गंभीर समस्या के समाधान की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को एक संयुक्त ज्ञापन सौंपा।
*मूक पशु हो रहे काल का ग्रास, बंद पड़ा है निस्तारण प्लांट*
ज्ञापन में संगठनों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शहर के निजी और सरकारी अस्पतालों से निकलने वाले खतरनाक मेडिकल वेस्ट का वैज्ञानिक और नियमानुसार निस्तारण नहीं किया जा रहा है। बड़ी लापरवाही – अस्पतालों का सुई, सीरिंज, पट्टियां और केमिकल युक्त कचरा सामान्य कचरे के साथ ही खुले डंपिंग यार्ड में फेंका जा रहा है। इसे खाने से क्षेत्र का गौवंश और अन्य मूक पशु लगातार बीमार हो रहे हैं, तथा कई पशुओं की असमय मौत भी हो चुकी है। इसके साथ ही नागरिकों ने इस बात पर भी गहरा रोष व्यक्त किया कि डंपिंग यार्ड में लाखों की लागत से स्थापित किया गया मेडिकल वेस्ट निस्तारण प्लांट लंबे समय से बंद पड़ा है, जिसके चलते समस्या और अधिक विकराल हो गई है।
*प्रशासन को अल्टीमेटमः मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा जन आंदोलन*
सामाजिक और व्यापारिक संगठनों ने प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से मांगें रखी हैं कि शहर की संपूर्ण कचरा प्रबंधन व्यवस्था में तुरंत सुधार किया जाए। मेडिकल वेस्ट का पर्यावरण और स्वास्थ्य नियमों के तहत सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित हो। डंपिंग यार्ड में बंद पड़े मेडिकल वेस्ट निस्तारण प्लांट को अविलंब दोबारा शुरू किया जाए। संगठनों के प्रतिनिधियों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने समय रहते इस दिशा में कोई ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो शहरवासियों को साथ लेकर एक बड़ा जन आंदोलन छेड़ा जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
*ये नागरिक रहे उपस्थित*
इस दौरान व्यापारी संगठन, वाराहश्याम ट्रस्ट, यूथ फॉर नेशन, और सनातन संस्कृति जागरण संघ सहित क्षेत्र के कई प्रमुख संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुट नजर आए। ज्ञापन सौंपने के दौरान नरेश अग्रवाल, शेखर व्यास, पारस मोदी, ओमप्रकाश महेश्वरी, राव विक्रम सिंह आर्य, दिनेश दवे, श्याम खेतावत, ओमप्रकाश विश्नोई, शोभापुरी गोस्वामी, किशोर सांखला, शंकरलाल सोलंकी, संजीव माथुर, सुरेश पारिक, करण बंजारा, प्रभुराम, कृष्ण कुमार राजपुरोहित, पृथ्वीराज, मीठालाल सुंदेशा, श्रवण कुमार, दीपाराम माली, रेवाराम सहित बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक और पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
