पावागढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेंगे स्काउट-गाइड
आलीराजपुर यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों को दिया प्रशिक्षण, तेज रफ्तार, ट्रिपल सवारी और बिना हेलमेट वाहन चलाने से बचने की अपील
दैनिक स्वराज वाणी | ब्यूरो रिपोर्ट: खलील मंसूरी
Alirajpur । नवरात्रि पर्व के दौरान पावागढ़ स्थित माता रानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए आलीराजपुर यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में यातायात कार्यालय में स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क दुर्घटनाओं से बचाव और श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा के लिए जागरूक करने की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ के निर्देश और मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि वे पावागढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात पुलिस सक्रिय
नवरात्रि के दौरान आलीराजपुर से पावागढ़ माता रानी के दर्शन के लिए दोपहिया और चारपहिया वाहनों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आवागमन कर रहे हैं। दाहोद नाका क्षेत्र में श्रद्धालुओं को चाय, नाश्ता और अल्पाहार उपलब्ध कराने के लिए सेवादारों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं, जहां स्काउट-गाइड के विद्यार्थी भी सेवा कार्य में सहयोग कर रहे हैं।
यात्रियों की सुगम और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस शहर के बाहरी क्षेत्रों में चेक प्वाइंट लगाकर श्रद्धालुओं को आवश्यक समझाइश दे रही है। इसी अभियान के तहत स्काउट-गाइड विद्यार्थियों को भी प्रशिक्षित किया गया, ताकि वे सेवा के साथ-साथ लोगों तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचा सकें।

तेज रफ्तार और लापरवाही से बचने की अपील
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि वे पावागढ़ जाने वाले यात्रियों से वाहन धीमी और नियंत्रित गति से चलाने की अपील करें। दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने, वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए जागरूक करें।
इसके अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की समझाइश भी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सकती है और अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की जान भी बचाई जा सकती है।
पुलिस अधिकारियों ने दिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम को एसडीओपी डॉ. शक्तिसिंह चौहान, सब इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह सोमवंशी, सहायक उपनिरीक्षक भारत चौहान एवं यातायात पुलिस स्टाफ ने संबोधित किया। अधिकारियों ने स्काउट-गाइड विद्यार्थियों को श्रद्धालुओं की सहायता करते समय सतर्कता बरतने और सड़क सुरक्षा के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
यातायात पुलिस की इस पहल का उद्देश्य नवरात्रि के दौरान पावागढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाना तथा विद्यार्थियों की सहभागिता से सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है।
