—Advertisement—

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी का झकनावदा में औचक निरीक्षण

Author Picture
Published On: 7 August 2026
मुख्यमंत्री

—Advertisement—

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी का झकनावदा में औचक निरीक्षण

स्कूल, आंगनवाड़ी, सहकारी संस्था एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लिया जायजा, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

नन्हे-मुन्ने बच्चों से संवाद कर पूछे सामान्य ज्ञान के सवाल, संतोषजनक जवाब पर बच्चों की थपथपाई पीठ — ग्रामीणों से भी किया सीधा संवाद

झकनावदा (मनीष कुमट)। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्रशासनिक अधिकारी अब जमीनी स्तर पर पहुंचकर शासकीय संस्थाओं की व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को झाबुआ जिले के ग्राम झकनावदा में अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी ने विभिन्न शासकीय संस्थानों एवं महत्वपूर्ण स्थानों का औचक निरीक्षण किया। अपर कलेक्टर के अचानक निरीक्षण से संबंधित विभागों में सक्रियता नजर आई। उन्होंने निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा और जहां आवश्यक सुधार की जरूरत महसूस हुई, वहां संबंधित अधिकारियों -कर्मचारियों को तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अपर कलेक्टर ने मौके पर पहुंच कर वास्तविक स्थिति जानने का किया प्रयास

अपर कलेक्टर सोलंकी ने निरीक्षण के दौरान केवल कागजी व्यवस्थाओं की जानकारी लेने तक सीमित न रहते हुए मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति को समझने का प्रयास किया। उन्होंने ग्रामीणों से भी सीधा संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं एवं शासकीय सेवाओं को लेकर उनकी जानकारी ली। उनकी इस कार्यशैली की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

पीएम श्री स्कूल पहुंचकर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का लिया जायजा

अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी ने झकनावदा स्थित एकीकृत पीएम श्री हाई सेकेंडरी स्कूल एवं पीएम श्री बालक प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति, स्टाफ रजिस्टर, कक्षा-कक्ष एवं विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली।

आत्मीयता से बच्चों से बात करते नजर आए सोलंकी

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर ने नर्सरी कक्षा में अध्ययनरत नन्हे-मुन्ने बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की। उन्होंने बच्चों से कविताएं सुनाने के साथ ही सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे। बच्चों ने पूछे गए सवालों के संतोषजनक एवं सही जवाब दिए। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास देखकर अपर कलेक्टर सोलंकी ने उनकी सराहना की तथा बच्चों की पीठ थपथपाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

बुनियादी शिक्षा को मजबूत बनाने पर दिया जोर

उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ आत्मविश्वास विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं। विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं एवं स्टाफ द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी उन्होंने सराहना की। इस दौरान संकुल प्राचार्य रमेश कुमार चौरसिया, हेमेंद्र कुमार जोशी,श्रीमती मोनू सोलंकी,दीपिका चौहान,श्रीमती आरती मिस्त्री,हर्षिता गोयल,खुशी राठौड़,निशा निनामा,रुपाली बैरागी,शीतल गोस्वामी आदि उपस्थित रहे।

आंगनवाड़ी पहुंचकर बच्चों के पोषण एवं व्यवस्थाओं की ली जानकारी

इसके बाद अपर कलेक्टर ने झकनावदा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की मीनू के अनुसार जानकारी ली तथा उपस्थिति रजिस्टर की जांच की। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध पेयजल व्यवस्था का भी जायजा लिया।

आंगनवाड़ी में तत्काल विद्युत व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र में विद्युत व्यवस्था से संबंधित समस्या सामने आने पर अपर कलेक्टर ने संबंधितों को तत्काल विद्युत व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों को शासन की मंशानुसार बेहतर सुविधाएं एवं पोषण उपलब्ध होना चाहिए और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था में व्यवस्थाओं को पारदर्शी रखने के निर्देश

अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी ने आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था झकनावदा का भी औचक निरीक्षण किया। यहां उन्होंने संस्था की कार्यप्रणाली एवं ग्रामीणों और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने सेल्समैन से संस्था से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अपर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसानों एवं ग्रामीणों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। संस्था की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाए रखने के साथ ही ग्रामीणों के साथ बेहतर व्यवहार करने के निर्देश दिए गए।

शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाएं

उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। निरीक्षण के दौरान जहां भी असुविधा पाई गई, उसे तत्काल दूर करने के निर्देश संबंधितों को दिए गए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों एवं प्रसूताओं से किया सीधा संवाद

अपर कलेक्टर ने झकनावदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के विभिन्न हिस्सों एवं भवन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में उपचाररत मरीजों एवं प्रसूताओं से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों से पूछा कि उन्हें समय पर उपचार मिल रहा है या नहीं, दवाइयां एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं या नहीं तथा अस्पताल का स्टाफ मरीजों के साथ किस प्रकार का व्यवहार कर रहा है।
अपर कलेक्टर द्वारा मरीजों से सीधे संवाद कर जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति जानने के प्रयास की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनके साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने के निर्देश दिए।

मीडिया ने क्षेत्र की स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर रखी प्रमुख मांगें

निरीक्षण के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने भी अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी से क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं एवं लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकताओं को लेकर चर्चा की। मीडिया की ओर से झकनावदा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे मशीन, ब्लड सैंपल जांच के लिए बेहतर लेबोरेटरी सुविधा तथा पीएम कक्ष (पोस्टमार्टम कक्ष) जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रमुख मांग रखी गई।

मीडिया प्रतिनिधियों ने बताया कि क्षेत्र के ग्रामीणों को कई आवश्यक जांचों एवं स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है, जिससे मरीजों एवं उनके परिजनों को समय और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। यदि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक जांच एवं अन्य सुविधाएं मजबूत की जाएं तो झकनावदा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है। अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी ने मीडिया द्वारा रखी गई स्वास्थ्य संबंधी मांगों को गंभीरता से सुना तथा क्षेत्र की आवश्यकताओं को समझते हुए संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई एवं व्यवस्थाओं में सुधार की दिशा में प्रयास करने की बात कही।

जमीनी निरीक्षण से प्रशासनिक सक्रियता का संदेश

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत अपर कलेक्टर का झकनावदा दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने एक ही दौरे में शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, सहकारिता और स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं को मौके पर जाकर देखा। साथ ही ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनने का प्रयास किया। अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी की निरीक्षण के दौरान अपनाई गई सक्रिय एवं संवादात्मक कार्यशैली की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है। विशेष रूप से विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद, मरीजों एवं प्रसूताओं से सीधे स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी लेना तथा संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक सुधार के निर्देश देना प्रशासन की जनकेंद्रित कार्यप्रणाली को दर्शाता है।

यह रहे मुख्य रूप से उपस्थित

निरीक्षण के दौरान जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.एल. चौपड़ा, तहसीलदार ओम प्रकाश गोयल, कृषि अधिकारी विजय सिंगाड़, डॉ. शोभित शुक्ला सहित प्रशासनिक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कुमकुम सोनी स्वराज वाणी न्यूज मे कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत है। इन्होंने स्नातक पत्रकारिता एवं जनसंचार से की है। यह विशेषतः राजनीति एवं भू-राजनीति से जुड़े मुद्दों का गहन विशलेषण कर सरल भाषा में आम जनता के समक्ष प्रस्तुत करने का प्रयास करती है।… Read More

Related News
Breaking News हमेशा आपके पास

SwarajVani App Install करें

Latest India News & Breaking Updates — सीधे Home Screen पर

Offline पढ़ें Breaking Alerts बिल्कुल Free
SwarajVani को iPhone पर install करें:
📤 Share बटन दबाएं → "Add to Home Screen" select करें
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp