सरस्वती शिशु विद्या मंदिर राजगढ़ में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम आयोजित
भाषण और निबंध प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, विजेताओं को शील्ड देकर किया सम्मानित
Rajgarh (धार)। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, राजगढ़ में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ विषय पर भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने लोकतंत्र, मतदान और युवा पीढ़ी की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता निलेश सोनी एवं समाजसेवी तेजकुमार जैन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के प्राचार्य बलराम कुमावत ने की, जबकि संचालन रामकिशोर कुमावत ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
अतिथियों और विद्यार्थियों ने रखे विचार
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने लोकतंत्र, अराजकता, भीड़तंत्र और समसामयिक राजनीतिक विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं, विद्यार्थियों ने लोकतंत्र और मतदान से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने युवा पीढ़ी को भ्रमित करने और वोट चोरी को लेकर फैलाए जा रहे कथित भ्रम जैसे विषयों पर भी विचार प्रस्तुत किए।
निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ विषय पर अपने विचार लिखे। भाषण प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने विषय से जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
निबंध प्रतियोगिता में गौरविना पलासिया प्रथम
निबंध प्रतियोगिता में कक्षा दसवीं की बहिन गौरविना पलासिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा नवमी के भैया दक्ष भाऊ द्वितीय स्थान पर रहे। दोनों विद्यार्थियों ने अपने विचारों के माध्यम से प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
वहीं, भाषण प्रतियोगिता में कक्षा आठवीं की बहिन नविका मावी ने प्रथम स्थान हासिल किया। कक्षा दसवीं की बहिन शिवानी शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अतिथियों ने विजेता विद्यार्थियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कार्यक्रम में चयनित विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान प्रतियोगिता, मध्यप्रदेश के अंतर्गत जिला स्तर पर चयनित संस्था के विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कक्षा आठवीं के भैया चेतन मंडलोई और कक्षा सातवीं के विनय अजनार को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिवराज सिंह चौहान की माताजी को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी के देहावसान पर मौन रखकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
रिपोर्ट: महेश कुमार वर्मा, सरदारपुर तहसील संवाददाता | स्थान: राजगढ़, धार
