पत्रकारों में आक्रोश, SP को सौंपा ज्ञापन
Shivpuri/बैराड़: बैराड़ में पत्रकार प्रिंस प्रजापति को जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आने के बाद पत्रकारों में गहरा आक्रोश है। एनसीआर समाचार के पत्रकार राहुल नवरंग सहित पोहरी, बैराड़ और शिवपुरी के पत्रकारों ने एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोपी साबिर खान के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई, पीड़ित पत्रकार को सुरक्षा और आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की मांग की।
“लोकतंत्र पर सीधा हमला”
राहुल नवरंग ने कहा कि जनहित और सामाजिक सरोकार के मुद्दे उठाने वाले पत्रकारों को डराना-धमकाना लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को ऐसे लोगों पर तत्काल और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि क्षेत्र में कानून का डर बना रहे और पत्रकार निडर होकर अपना दायित्व निभा सकें।
कब्रिस्तान भूमि का मुद्दा और धमकी
आवेदन के अनुसार 10 अक्टूबर 2026 को बैराड़ की हनुमान कॉलोनी में हनुमान मंदिर के सामने आवंटित कब्रिस्तान की भूमि को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग उठी थी। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार को ज्ञापन देकर 21 जून 2022 के पूर्व ज्ञापन पर त्वरित कार्रवाई की मांग की थी।
आरोप है कि 12 अक्टूबर को साबिर खान ने प्रिंस के मित्र और नईदुनिया संवाददाता माखन धाकड़ से फोन पर बात करते हुए प्रिंस को कब्रिस्तान के मुद्दे पर न बोलने की चेतावनी दी और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। आवेदन में दावा है कि इसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग और कॉल हिस्ट्री साक्ष्य के रूप में मौजूद है।
इसके बाद 15 अक्टूबर को बैराड़ में पशु चिकित्सालय के पास आरोपी ने प्रिंस को रास्ते में रोककर गाली-गलौज की और जान से मारने तथा हाथ-पैर तोड़ने की धमकी दी। पीड़ित पत्रकार थाना बैराड़ में लिखित रिपोर्ट दर्ज करा चुके हैं।
रिकॉर्ड की जांच और जिला बदर की मांग
पत्रकारों ने आवेदन में कहा है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उन्होंने पुलिस रिकॉर्ड से पुष्टि कराकर आरोपी का नाम गुंडा सूची में दर्ज करने, जिला बदर की प्रक्रिया शुरू करने और कठोर कार्रवाई की मांग की। पत्रकार संघ और प्रतिनिधिमंडल ने निष्पक्ष जांच, उपलब्ध ऑडियो-वीडियो साक्ष्यों के वैज्ञानिक परीक्षण और प्रिंस प्रजापति की तत्काल सुरक्षा की अपील की है।
संवाददाता: फूलचंद मालवीय, दैनिक स्वराज वाणी समाचार, देवास, मध्य प्रदेश
