मप्र में 4 IAS अधिकारियों के तबादले: संस्कृति जैन वित्त विभाग में उप सचिव, राम प्रकाश अहिरवार भोपाल नगर निगम के नए आयुक्त
जबलपुर नगर निगम की कमान अग्रिम कुमार को; अंजू अरुण कुमार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव बनीं
भोपाल। मध्यप्रदेश में 4 अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने 18 अक्टूबर को आदेश जारी किया। भोपाल नगर निगम की आयुक्त संस्कृति जैन को वित्त विभाग में उप सचिव बनाया गया है, जबकि जबलपुर नगर निगम के आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार को भोपाल नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है।
संस्कृति जैन को वित्त विभाग भेजा गया
2015 बैच की अधिकारी संस्कृति जैन अब मध्यप्रदेश शासन के वित्त विभाग में उप सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगी। वे अभी भोपाल नगर निगम की आयुक्त थीं। उनके पास मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड के अपर प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी था।
राम प्रकाश अहिरवार होंगे भोपाल के नए आयुक्त
2018 बैच के अधिकारी राम प्रकाश अहिरवार को भोपाल नगर निगम का आयुक्त बनाया गया है। उन्हें मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड के अपर प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वे इससे पहले जबलपुर नगर निगम के आयुक्त थे।
अग्रिम कुमार को जबलपुर नगर निगम की जिम्मेदारी
2020 बैच के अधिकारी अग्रिम कुमार को जबलपुर नगर निगम का आयुक्त बनाया गया है। वे अभी जिला पंचायत छिंदवाड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर थे।
अंजू अरुण कुमार का भी तबादला
2017 बैच की अधिकारी अंजू अरुण कुमार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव बनाया गया है। वे अभी भोपाल स्मार्ट सिटी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी थीं। उनके पास भोपाल नगर निगम के अपर आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी था।
