धार: कनेरी में कपास के बीच उगा रखे थे गांजे के 586 पौधे, 66.99 लाख का गांजा जब्त
रिपोर्ट नरेन्द्र सिरवी
लोकेशन डेहरी
ऑपरेशन “प्रहार” के तहत बाग पुलिस की कार्रवाई; 446.6 किलो हरे पौधे जब्त, आरोपी फरार
डेहरी (Dhar), । पुलिस चौकी डेहरी, थाना बाग की पुलिस ने ऑपरेशन “प्रहार” के तहत ग्राम कनेरी के एक खेत में कपास के पौधों के बीच उगाए गए गांजे के 586 हरे पौधे जब्त किए। इनका कुल वजन 446.6 किलोग्राम और अनुमानित बाजार मूल्य करीब 66 लाख 99 हजार रुपए बताया गया है।
कार्रवाई किसके निर्देशन में हुई
“नशा मुक्त भारत” अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और एसडीओपी कुक्षी ओमप्रकाश अहीर के मार्गदर्शन में हुई। थाना प्रभारी बाग हिरुसिंह रावत के नेतृत्व में चौकी प्रभारी डेहरी नवलसिंह बघेल और थाना बाग की टीम ने ग्राम कनेरी के बैकल्यापुरा में आरोपी भंगड़ा पिता पिडिया भंवर (जाति भीलाला) के खेत में दबिश दी।

मुखबिर की सूचना पर दबिश
पुलिस के अनुसार बाग थाना क्षेत्र और आसपास खेतों में गांजे की खेती की सूचनाएँ लगातार मिल रही थीं। इस पर विशेष टीम बनाकर जानकारी जुटाई जा रही थी। 17 अक्टूबर 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि भंगड़ा ने अपने बैकल्यापुरा वाले खेत के चार हिस्से कर रखे हैं और एक हिस्से में कपास के बीच गांजे के पौधे लगाए हैं। सूचना की तस्दीक के बाद टीम गठित कर सर्चिंग की गई, जिसमें 586 हरे पौधे मिले और जब्त किए गए।
प्रकरण दर्ज, आरोपी फरार
थाना बाग में अपराध क्रमांक 324/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।
- फरार आरोपी: भंगड़ा पिता पिडिया भंवर, जाति भीलाला, निवासी ग्राम कनेरी, थाना बाग
- जब्त सामग्री: 586 हरे गांजे के पौधे, कुल वजन 446.6 किलो, कीमत करीब 66.99 लाख रुपए
कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मी
निरीक्षक हिरुसिंह रावत, उनि नवलसिंह बघेल, सउनि गोरेलाल शुक्ला, प्रआर 847 बाबुसिंह कामलिया, प्रआर 850 भावसिंह रावत, प्रआर 545 रेलमसिंह भिंडे, आर 697 प्रीतम, आर 805 रविन्द्र, आर 405 मुकेश, सैनिक 1207 अजय और साइबर सेल धार का सराहनीय योगदान रहा।
