Singrauli और अंबिकापुर क्षेत्र में भूकंप के झटके, तीव्रता 3.5; जान-माल का नुकसान नहीं ;
सुबह अंबिकापुर तो दोपहर में सिंगरौली की धरती हिली; नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने दर्ज किए दोनों झटके
Singrauli /अंबिकापुर। मध्य प्रदेश के सिंगरौली और छत्तीसगढ़ के उत्तरी अंचल (अंबिकापुर क्षेत्र) में शनिवार को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार दोनों झटकों की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.5 मापी गई। तीव्रता कम होने के कारण जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। सुबह और दोपहर में अलग-अलग इलाकों में आए इन झटकों से कुछ स्थानों पर लोग घरों से बाहर निकल आए।
सुबह अंबिकापुर क्षेत्र में आया पहला झटका
NCS द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, पहला झटका तड़के सुबह 4 बजकर 36 मिनट 27 सेकंड पर दर्ज किया गया। इसका केंद्र छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर से लगभग 140 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में जमीन के भीतर स्थित था। समाचार एजेंसी ANI ने भी NCS के हवाले से इसकी तीव्रता 3.5 बताई है।
दोपहर में सिंगरौली में महसूस हुए झटके
इसके बाद दोपहर 2 बजकर 12 मिनट 35 सेकंड पर मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। वैज्ञानिकों के अनुसार सिंगरौली में आए इस भूकंप का केंद्र 24.239 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 82.502 डिग्री पूर्वी देशांतर पर, भू-गर्भीय सतह से 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। NCS ने अपने आधिकारिक अकाउंट से भी इसकी जानकारी साझा की है।
लोगों में अफरा-तफरी, पर कोई नुकसान नहीं
अचानक आए इन झटकों से कुछ स्थानों पर लोगों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया, लेकिन तीव्रता कम होने की वजह से किसी भी मकान या संरचना को नुकसान पहुँचने की सूचना नहीं मिली है।
प्रशासन मुस्तैद, स्थिति सामान्य
प्रशासनिक स्तर पर स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है। संबंधित एजेंसियाँ भू-गर्भीय गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। NCS ने लोगों को अधिक जानकारी के लिए ‘भूकंप’ ऐप डाउनलोड करने की सलाह भी दी है।
