माँ आशापुरी को 111 मीटर लंबी चुनरी अर्पित, 4 किमी निकली भव्य यात्रा
बैंक वाली अंबे माता मंदिर से शुरू हुई यात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत, जयकारों से गूँजा मार्ग; मंदिर परिसर में फलाहारी खिचड़ी और खीर की प्रसादी बँटी
Padana। शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर शुक्रवार को नगर में भक्ति, आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। माँ आशापुरी मित्र मंडल के नेतृत्व में ग्रामवासियों के सहयोग से, दूसरे वर्ष, बैंक वाली अंबे माता मंदिर से नगर के समीप स्थित प्रसिद्ध माँ आशापुरी माता मंदिर तक भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। करीब 4 किलोमीटर की पैदल यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-धमाकों और डीजे पर गूँजते धार्मिक भजनों के बीच श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। यात्रा के दौरान माँ आशापुरी को 111 मीटर लंबी चुनरी अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा।
यात्रा का मार्ग
चुनरी यात्रा शुक्रवार सुबह 11 बजे सदर बाजार स्थित बैंक वाली अंबे माता मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई। मनोहर पुष्पद और अशोक मालवीय सहित श्रद्धालु हाथों में माता के ध्वज और निशान लेकर आगे चल रहे थे। यात्रा सदर बाजार, गांधी चौक, बस स्टैंड, पीपली चौराहा और झिरी मंदिर के सामने से बायपास मार्ग होते हुए आसारेटा-तलेन रोड पहुँची। यहाँ से नाना गोया स्थित मंसूरी मस्जिद के सामने से काकरिया मीना-सारंगपुर सड़क मार्ग होते हुए दोपहर करीब 2 बजे माँ आशापुरी मंदिर पहुँची।
विधि-विधान से ओढ़ाई चुनरी
मंदिर पहुँचने पर गाँव की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ पुजारी हरिप्रसाद शर्मा और हेमंत शर्मा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद माँ आशापुरी मित्र मंडल के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से माता को 111 मीटर लंबी चुनरी ओढ़ाई। इस दौरान मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूँज उठा।

जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत
नगर में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक और धार्मिक संगठनों तथा श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। बायपास मार्ग और तलेन रोड पर भी लोगों ने स्वागत कर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया। समाजसेवी देवेंद्र पुष्पद ने श्रद्धालुओं को केले वितरित किए, वहीं पूर्व सरपंच यशवंत माली सहित अन्य लोगों ने भी यात्रा का स्वागत किया। रास्तेभर महिलाएँ, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग धार्मिक भजनों पर झूमते हुए चल रहे थे और पूरे मार्ग पर भक्तिमय माहौल बना रहा।
प्रसादी वितरण, पुलिस रही तैनात
मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना और आरती के बाद हरि प्रसाद हाडा, महेंद्र पाटीदार और राकेश पाटीदार द्वारा फलाहारी खिचड़ी की प्रसादी वितरित की गई। समाजसेवी दीपक पुष्पद की ओर से खीर की प्रसादी बाँटी गई। आयोजन में माँ आशापुरी मित्र मंडल के अध्यक्ष मुकेश जलोदिया, संरक्षक प्रद्युम्न परमार, नारायण परमार, महेंद्र पाटीदार, रवि पुष्पद, भुरु परमार, गट्टू परमार, शिवनारायण लाइनमैन, संतोष चतुर्वेदी, रामबाबू परमार, लोकेंद्र गुर्जर और रमेश पुष्पद सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
पड़ाना पुलिस चौकी प्रभारी अशोक यादव के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस जवानों ने यात्रा के दौरान व्यवस्था संभाली, जिससे चुनरी यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
