आधार शिविर में 52 से अधिक लोगों ने कराया पंजीयन
पड़ाना के कन्या माध्यमिक विद्यालय में सुबह 10 से शाम 6 बजे तक चला शिविर; नए कार्ड बने, पुराने कार्डों में हुए संशोधन
पड़ाना। राजगढ़ कलेक्टर के निर्देश पर जनपद पंचायत सारंगपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में आधार पंजीयन एवं अपडेट शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को ग्राम पंचायत पड़ाना के एकीकृत शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय में शिविर लगाया गया। सुबह 10 से शाम 6 बजे तक चले शिविर में नए आधार कार्ड बनाने के साथ पुराने कार्डों में संशोधन और अपडेट का कार्य हुआ।
12 पंचायतों में लग रहे शिविर
सारंगपुर एसडीएम जय सोलंकी के निर्देशन में ग्राम पंचायत और विद्यालय के शिक्षकों के सहयोग से यह शिविर हुआ, जिसमें आधार ऑपरेटरों की ड्यूटी लगाई गई। शिविर प्रभारी एवं सामाजिक सुरक्षा अधिकारी आनंद जबरोलिया ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर जनपद पंचायत सारंगपुर क्षेत्र की 12 ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित हो रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को आधार संबंधी कार्यों के लिए परेशान न होना पड़े और स्थानीय स्तर पर ही सुविधा मिल सके।
आधार संबंधी कार्यों का मिला लाभ
शिविर में ग्रामीणों के आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि और फोटो में संशोधन किया गया। इसके अलावा नए कार्ड बनाने, मोबाइल नंबर अपडेट करने और फिंगरप्रिंट संबंधी जानकारी अपडेट करने की सुविधा भी दी गई। आधार ऑपरेटर शुभम बैरागी ने 52 से अधिक लोगों का आधार एनरोलमेंट किया।
पंचायतकर्मी और शिक्षक रहे मौजूद
शिविर के आयोजन में ग्राम पंचायत और विद्यालय के कर्मचारियों ने सहयोग किया। ग्राम पंचायत सचिव श्रीलाल नागर, रोजगार सहायक श्याम पाटीदार, जनपद सदस्य प्रतिनिधि सोनू मंसूरी, शिक्षक रामकरण राठौर, मोहम्मद सोहेल अंसारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
