2027 के चुनाव को लेकर BSP का दावा: “यूपी-उत्तराखंड में बनेगी पूर्ण बहुमत की सरकार”
BSP नेता इन्द्रजीत कुमार ने सपा, कांग्रेस और वामपंथी दलों पर साधा निशाना; जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन को बताया राजनीतिक स्वांग
दैनिक स्वराज वाणी संवाददाता फूलचंद मालवीय
लखनऊ, उत्तर प्रदेश, । उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। अंबेडकर नगर के जलालपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व सेक्टर अध्यक्ष और बसपा आईटी सेल मीडिया प्रभारी इन्द्रजीत कुमार ने प्रेस वक्तव्य जारी कर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है।
पूर्ण बहुमत की सरकार का दावा
इन्द्रजीत कुमार ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड दोनों राज्यों में बहुजन समाज पार्टी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।
जंतर-मंतर प्रदर्शन पर आरोप
उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रदर्शन को कांग्रेस, वामपंथियों और अन्य विरोधी शक्तियों का रचा हुआ राजनीतिक स्वांग बताया। उनका आरोप है कि इसका मकसद बसपा को सत्ता में आने से रोकना है। उनके अनुसार, विरोधी दलों को डर है कि मुस्लिम मतदाता बसपा के साथ एकजुट हो रहे हैं, और इसी मुस्लिम-दलित एकजुटता को तोड़ने के लिए यह नाटक किया गया।
“95 प्रतिशत वोट देकर भी भाजपा नहीं हारी” का दावा
इन्द्रजीत कुमार ने कहा कि 2014 के लोकसभा, 2017 और 2022 के विधानसभा तथा 2024 के लोकसभा चुनावों में मुस्लिम समाज ने 95 प्रतिशत से अधिक वोट सपा और कांग्रेस को दिया, फिर भी वे भाजपा को सत्ता में आने से नहीं रोक सकीं। उनका कहना है कि ऐसे में 2027 में भी उनसे उम्मीद रखना ठीक नहीं, और भाजपा को केवल बसपा ही रोक सकती है।
BSP के मुस्लिम संगठनों का दावा
उन्होंने कहा कि बसपा का मुस्लिम भाईचारा संगठन और मुस्लिम मोर्चा पूरे प्रदेश में सक्रिय है। उनके अनुसार बसपा शासनकाल में प्रदेश दंगा-मुक्त था और मुस्लिम समाज को सुरक्षा व सम्मान मिला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा और वामपंथी दल केवल मुस्लिम समाज का इस्तेमाल करते हैं, जबकि बसपा उसकी सच्ची हमदर्द है।
