रीवा के कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में 14 से 19 अक्टूबर तक छह दिवसीय गरबा महोत्सव आयोजित होगा। बालाजी डांस एकेडमी के 30 बच्चे सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत करेंगे।
रीवा में 14 से 19 अक्टूबर तक सजेगा गरबा का रंगारंग मंच, बालाजी डांस एकेडमी के 30 बच्चे देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
दैनिक स्वराज वाणी
रीवा, मध्य प्रदेश। कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में 14 से 19 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले छह दिवसीय भव्य गरबा महोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। इस सांस्कृतिक आयोजन में बालाजी डांस एकेडमी के बच्चे और कलाकार अपनी शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोहने के लिए तैयार हैं। कार्यक्रम को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
छह दिनों में दिखेगी छह राज्यों की सांस्कृतिक झलक
बालाजी डांस एकेडमी के संचालक एवं कोरियोग्राफर किशन सर ने बताया कि उनकी एकेडमी पिछले 20 वर्षों से रीवा में सक्रिय है। एकेडमी के कलाकार स्थानीय आयोजनों के साथ-साथ मुंबई तक अपनी प्रस्तुतियां दे चुके हैं। इस वर्ष छह दिवसीय गरबा महोत्सव में विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक परंपराओं पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। इनमें गरबा, फोक डांस, महाराष्ट्रीयन और गुजराती लोकनृत्य प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
15 दिनों से अभ्यास कर रहे 28 से 30 बच्चे
महोत्सव में भाग लेने के लिए लगभग 28 से 30 बच्चे पिछले 15 दिनों से प्रतिदिन दो घंटे कड़ी मेहनत कर रहे हैं। किशन सर के अनुसार, प्रशिक्षण में उम्र की कोई बाध्यता नहीं है। इसमें सात वर्ष से लेकर अधिक उम्र के बच्चे भी शामिल हैं।
ये बच्चे देंगे अपनी प्रस्तुतियां
कार्यक्रम में वेदांत, गर्वित, अय्या तिवारी, अवीरा, आन्या, शुभी, वंशिका, करतब कुशवाहा, खुशबू खटीक, सार्थक, संस्कृति, सान्वी गौतम, गौरी, माननीय, आस्था तिवारी, वंदना गुप्ता, अंकिता गुप्ता, माही और पीहू सहित अन्य बच्चे भाग ले रहे हैं।
निशुल्क प्रशिक्षण से बच्चों में बढ़ रहा उत्साह
एकेडमी की छात्राओं सान्वी गौतम, विंध्या गुप्ता और अंकिता गुप्ता ने बताया कि किशन सर उन्हें पूरी मेहनत और बारीकी के साथ निशुल्क डांस एवं गरबा का प्रशिक्षण दे रहे हैं।
कई बच्चे पहली बार इतने बड़े मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करने जा रहे हैं। ऐसे में बच्चों के साथ उनके अभिभावकों में भी उत्साह है। छह दिवसीय आयोजन में विभिन्न सांस्कृतिक नृत्यों के माध्यम से दर्शकों को अलग-अलग राज्यों की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
