आलीराजपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पुतला दहन के प्रयास में पुलिस से झूमाझटकी हुई।
‘वोट चोर कहां मिलेंगे? भाजपा के दफ्तर में!’ नारों से गूंजा आलीराजपुर, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
दैनिक स्वराज वाणी
ब्यूरो रिपोर्ट : खलील मंसूरी, आलीराजपुर
आलीराजपुर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को आलीराजपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जिलेभर के कार्यकर्ता पटेल फार्म हाउस पर एकत्रित हुए। यहां सभा आयोजित करने के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने टॉकीज चौराहे पर पहुंचकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल और ओमप्रकाश राठौर ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाने का प्रयास किया। पुलिस ने पुतला दहन रोकने की कोशिश की, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच झूमाझटकी हो गई। पुलिस ने पुतले पर पानी डालकर उसे जलने से रोक दिया।
‘वोट चोर कहां मिलेंगे?’ के नारों से गूंजा चौराहा
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर कहां मिलेंगे? भाजपा के दफ्तर में!’, ‘इस्तीफा तो देना होगा’, ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ और ‘कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद’ जैसे नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था की मांग की।
इस विरोध प्रदर्शन में दो साधु-संत भी शामिल हुए। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई।
महेश पटेल बोले—लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा जरूरी
मीडिया से चर्चा करते हुए पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल ने कहा कि देशभर में वोट चोरी के आरोपों को लेकर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा जरूरी है।
पटेल ने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पूरी नहीं होती, कांग्रेस अपना संघर्ष जारी रखेगी। वहीं पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर ने कहा कि पार्टी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।
जिलेभर से बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता
प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद डावर, कमलेश पचाया, सुरसिंह, नगरसिंह वसुनिया, सुरेश शारडा, भरतराज जादव, झमराला, चीतल पवार, तरुण मंडलोई, सोनू वर्मा, अंगर सिंह चौहान, नाथू खराड़ी, कुंवर सिंह खराड़ी, शान नकवी, खिमान सिंह तड़वी, ज्ञान सिंह तड़वी, पातल सिंह सोलिया, मिथिलेश डावर, किसन जुकातिया, संजय चौहान, लक्की राठौड़, भूरू सरपंच, विक्रम और खुमला सरपंच सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संघर्ष जारी रखने की चेतावनी
सभा और प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर पार्टी अपना आंदोलन जारी रखेगी। टॉकीज चौराहे पर हुए प्रदर्शन और पुलिस के साथ झूमाझटकी के चलते माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के साथ अपना विरोध दर्ज कराया और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई।



