Alirajpur में मुख्य मार्गों पर हाथठेला लगाकर यातायात बाधित करने वालों पर कार्रवाई, 13 के खिलाफ न्यायालयीन प्रकरण दर्ज
त्योहारी सीजन को देखते हुए यातायात पुलिस की सख्ती, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
Alirajpur । आलीराजपुर शहर के मुख्य बाजार में मार्ग पर हाथठेला खड़े कर व्यवसाय करने और यातायात अवरुद्ध करने की शिकायतों पर यातायात पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। समझाइश के बावजूद नहीं मानने वाले करीब 13 हाथठेला चालकों एवं व्यवसायियों के विरुद्ध न्यायालयीन कार्रवाई करते हुए 13 प्रकरण बनाए गए हैं।
लगातार मिल रही थीं शिकायतें
शहर के मुख्य बाजार एम.जी. रोड, बस स्टैंड, हाटगली, झंडा चौक और रामदेव मंदिर क्षेत्र में हाथठेला मुख्य मार्ग पर खड़े कर व्यवसाय करने तथा रास्ता अवरुद्ध होने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं।
2-3 दिन से दी जा रही थी समझाइश
शिकायतों के बाद यातायात पुलिस आलीराजपुर द्वारा पिछले 2-3 दिनों से हाथठेला संचालकों को समझाइश दी जा रही थी। इसके बावजूद संचालक मुख्य मार्ग पर ही अपना व्यवसाय करते रहे।

9 अक्टूबर को की गई कार्रवाई
समझाइश का असर नहीं होने पर 9 अक्टूबर 2026 को यातायात टीम ने मुख्य बाजार में कार्रवाई करते हुए लगभग 13 हाथठेला चालकों एवं व्यवसायियों के विरुद्ध न्यायालयीन कार्यवाही कर 13 प्रकरण तैयार किए।
व्यवसायियों से अपील
यातायात पुलिस ने मुख्य मार्गों पर व्यवसाय करने वाले लोगों से अपील की है कि वे अपने व्यवसाय से मार्ग को अवरुद्ध न करें।
त्योहारी सीजन को देखते हुए जारी रहेगी कार्रवाई
शहर में आगामी दिनों में लगातार त्योहारों का सीजन रहेगा। इसी को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। यातायात प्रभारी अर्जुनसिंह वास्केल ने बताया कि त्योहारी माहौल को दृष्टिगत रखते हुए यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
(दैनिक स्वराज वाणी ब्यूरो रिपोर्ट, खलील मंसूरी, आलीराजपुर)
