द मिलेनियम स्कूल में फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल, विद्यार्थियों ने सीखे आपात स्थिति से निपटने के तरीके
फायर अलार्म से सुरक्षित निकासी तक विद्यार्थियों को दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण
Indore। विद्यार्थियों को आगजनी जैसी आपात परिस्थितियों से सुरक्षित तरीके से निपटने के लिए तैयार करने के उद्देश्य से द मिलेनियम स्कूल में फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल आयोजित की गई। ड्रिल में विद्यालय के विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की और आपात स्थिति के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी प्राप्त की।
फायर एग्जिट के जरिए निकासी का कराया अभ्यास
मॉक ड्रिल के दौरान फायर अलार्म बजाया गया। इसके बाद विद्यार्थियों को निर्धारित फायर एग्जिट के माध्यम से शांत, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से विद्यालय परिसर से बाहर निकलने का अभ्यास कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ ने आपात स्थिति में निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया का पालन किया।

अग्निशमन उपकरणों के उपयोग की दी जानकारी
ड्रिल के दौरान विद्यार्थियों को विद्यालय में उपलब्ध अग्निशमन तंत्र की कार्यप्रणाली के बारे में बताया गया। उन्हें फायर अलार्म और अग्निशामक यंत्र के उपयोग की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही आग लगने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों और सुरक्षित स्थान तक पहुंचने के तरीकों को व्यावहारिक रूप से समझाया गया।
आपात स्थिति में शांत रहना जरूरी
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती ममता शेखावत ने कहा कि फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को निकासी प्रक्रिया सिखाना नहीं, बल्कि उनमें सुरक्षा के प्रति जागरूकता और आपात परिस्थितियों में सजगता विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय शांत रहकर निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया का पालन करना बेहद जरूरी है।
मॉक ड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि नियमित अभ्यास और जागरूकता के जरिए आपात परिस्थितियों में होने वाले जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
