आठनेर में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला दहन को लेकर पुलिस से हुई मशक्कत
जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा के नेतृत्व में डॉ. अंबेडकर स्थल से बस स्टैंड तक निकला जुलूस, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की मांग
आठनेर। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष निलय डागा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ स्थानीय बस स्टैंड पर प्रदर्शन किया और उनका पुतला दहन कर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की मांग की।
अंबेडकर स्थल से बस स्टैंड तक जुलूस
प्रदर्शन के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पहले डॉ. भीमराव अंबेडकर स्थल पर एकत्रित हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए वे बस स्टैंड पहुंचे, जहां निलय डागा के नेतृत्व में पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।
पुतले को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं में मशक्कत
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन मौके पर मुस्तैद रहा। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन का प्रयास किया, पुलिस ने पुतला छीनने की कोशिश की। इसके चलते पुतला बचाने और छीनने को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक मशक्कत होती रही। प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा बलपूर्वक पानी के प्रयोग की बात भी सामने आई। इसके बावजूद कार्यकर्ता अपने विरोध पर डटे रहे और नारेबाजी करते रहे।
निलय डागा: इस्तीफा देने तक जारी रहेगा संघर्ष
जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा ने कहा कि चुनाव आयोग की प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और लोकतांत्रिक होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रही है। डागा ने आरोप लगाया कि जब तक चुनाव आयोग में ज्ञानेश कुमार जैसे लोग रहेंगे, तब तक चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठते रहेंगे और सत्ता को लाभ पहुंचाने के आरोप लगते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
“जनता के आक्रोश की आवाज है प्रदर्शन”
पूर्व विधायक धर्मु सिंह सिरसाम ने कहा कि यह प्रदर्शन जनता के आक्रोश की आवाज है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव आयोग की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और यदि उसकी निष्पक्षता पर ही सवाल उठने लगें तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है।
नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जानी पठान ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है। गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा और आम नागरिक वोट के जरिए सरकार चुनते हैं, ऐसे में चुनाव प्रक्रिया को लेकर जनता के मन में संदेह पैदा होना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया ऐसी हो कि हर नागरिक का लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास बना रहे।
ये रहे उपस्थित
हर्षवर्धन धोते, अली साहब, डॉ. प्रमोद पांडे, पंकज बंजारे, डॉ. ज्ञानदेव माथनकर, अनिलकांत जायसवाल, जानी पठान, गोपाल आजाद, गोलू खाकरे, जयनाथ अडलक, भीमराव बंजारे, अनिल टकरकर, अमित जायसवाल, जितेंद्र तेलकर, सागर बसंतपुर, रवि अड़लक, गणेश भरतपुर, संजय सावंकर, रियाज काजी, डॉ. हरिभाऊ डांगे, कृष्णगीत, हरीश डांगे, रामदीन हानोते, सलाम काजी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
