Sarangpur में कांग्रेस का “वोट बचाओ, देश बचाओ मार्च”, आशा भवन से आंबेडकर पार्क तक उमड़ा जनसैलाब
ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गेश सोमानी बोले, “भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत”, एसआईआर प्रक्रिया पर उठाए सवाल
Sarangpur। देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की सुरक्षा, संविधान के संरक्षण और हर नागरिक के मताधिकार को मजबूत करने का संदेश देने के लिए गुरुवार को कांग्रेस पार्टी ने सारंगपुर में “वोट बचाओ, देश बचाओ मार्च” निकाला। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देश पर आयोजित इस जन-मार्च को लेकर कार्यकर्ताओं और नेताओं में खासा उत्साह दिखा।
प्रभारी लोकेंद्रसिंह आरोलिया रहे मुख्य अतिथि
आयोजन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त प्रभारी लोकेंद्रसिंह आरोलिया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके नेतृत्व में सारंगपुर, पचोर और संडावता ब्लॉक के सांगठनिक घटकों, अग्रिम संगठनों, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं ने एकजुट होकर आमजन को जागरूक करने का संदेश दिया।
सोमानी का आरोप: चुनाव आयोग और भाजपा की मिलीभगत
सारंगपुर ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गेश सोमानी ने संबोधन में कहा कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी चुनाव आयुक्तों से मिलना चाहते थे, लेकिन उन्हें अनुमति नहीं दी गई। सोमानी ने कहा कि देश में सभी को प्रदर्शन का अधिकार है और प्रियंका गांधी के साथ जो हुआ वह सही नहीं था। उन्होंने कहा, “सभी के घर में मां, बहनें और बच्चे हैं, महिलाओं का सम्मान होना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा नया नहीं है और राहुल गांधी लंबे समय से इसे उठा रहे हैं। बिहार और बंगाल का उदाहरण देते हुए उन्होंने दावा किया कि एसआईआर प्रक्रिया पूरी तरह फेल रही और एक्सपोज हो चुकी है। सोमानी ने कहा कि यह आयोजन सामान्य राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र की जड़ों को सींचने और लोगों को संवैधानिक व मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का बड़ा अभियान है।
आशा भवन से आंबेडकर पार्क तक मार्च
जन-मार्च दोपहर 12 बजे आशा भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुआ। हाथों में पार्टी के झंडे और लोकतंत्र के समर्थन में लिखी तख्तियां लिए कार्यकर्ता अस्पताल मार्ग, जनपद पंचायत के सामने, एसडीएम चौराहा और एबी रोड से गुजरे। पूरे मार्ग में नारे गूंजते रहे।
मार्च आंबेडकर पार्क पहुंचकर संपन्न हुआ, जहां अतिथियों और कांग्रेस नेताओं ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। संचालन शहर कांग्रेस अध्यक्ष आबिद हुसैन लोदी ने किया।
ये रहे उपस्थित
ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गेश सोमानी, शहर अध्यक्ष आबिद हुसैन लोदी, बनवारीलाल मालवीय, रितेश पाटीदार, वरिष्ठ नेता मोहम्मद अली, प्रदीप सादानी, रमेश पप्पू कलमोदिया, पूर्व शहर अध्यक्ष समीर मेव, अभय सिसोदिया, प्रवक्ता लखन धनगर, महेश मालवीय, प्रमोद सादानी, कन्हैयालाल अहिरवार, मंडलम अध्यक्ष फरमान मंसूरी और महेश सोनी, तस्लीम कुरैशी, पवन राज, लखन राजपूत, इरफान अली, अशोक राठी, अखिलेश राठी, कांतिलाल आर्य, मोहन पाल, राधेश्याम वर्मा, मुस्ताक अंसारी, शोएब हसन राही, जीवन सिंह सोलंकी सहित वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, मंडलम अध्यक्ष और बीएलए मौजूद रहे।
