Sarangpur बस स्टैंड पर शारदीय नवरात्रि महोत्सव की तैयारियां अंतिम दौर में
नव शक्ति युवा मंच करेगा मां जगदंबा की घट स्थापना, प्रतिदिन होंगे गरबा और महाआरती
Sarangpur । शक्ति की आराधना के महापर्व शारदीय नवरात्रि को लेकर नव शक्ति युवा मंच, बस स्टैंड सारंगपुर परिवार पूरी तरह तैयार है। नवरात्र शक्ति उपासना का पर्व है, जिसमें आदिशक्ति मां दुर्गा और उनके नौ स्वरूपों की नौ दिनों तक आराधना की जाती है। सनातन धर्म में शक्ति उपासना का विशेष महत्व है।
नौ स्वरूपों की होगी पूजा
इन नौ दिनों में मां शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री की पूजा होती है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय और असुरी शक्तियों व नकारात्मकता पर देवी दुर्गा की विजय का प्रतीक माना जाता है।
नवीन बस स्टैंड पर होगी घट स्थापना
आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए मंच के संस्थापक सदस्य संजय विजयवर्गीय और संयोजक एवं विधायक प्रतिनिधि पृथ्वीराज टेटवाल ने बताया कि परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी नवीन बस स्टैंड पर जगत जननी मां जगदंबा की घट स्थापना धूमधाम से की जाएगी। उत्सव को खास बनाने के लिए बस स्टैंड परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जाएगा। इसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
नौ दिन चलेंगे विशेष कार्यक्रम
नवरात्रि के नौ दिनों तक प्रतिदिन आकर्षक गरबा प्रस्तुतियां होंगी और महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा।
धर्मप्रेमियों से अपील
नव शक्ति युवा मंच परिवार ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अपील की है कि वे सपरिवार नवरात्रि के पवित्र दिनों में प्रतिदिन महाआरती में उपस्थित होकर धर्मलाभ लें।
