नागदा में सर्वपितृ मोक्ष अमावस्या पर 10 अक्टूबर को फलाहारी बाबा मंदिर परिसर में 12वें वर्ष निःशुल्क सामूहिक तर्पण एवं पिंडदान का आयोजन होगा।
सर्वपितृ अमावस्या पर 12वें वर्ष सामूहिक तर्पण व पिंडदान 10 अक्टूबर को
चंबल तट स्थित फलाहारी बाबा मंदिर परिसर में सुबह 8 बजे से होगा निःशुल्क आयोजन
दैनिक स्वराज वाणी | नागदा
सर्वपितृ मोक्ष अमावस्या के अवसर पर चंबल तट स्थित फलाहारी बाबा मंदिर परिसर में 10 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से सामूहिक पितृ तर्पण एवं पिंडदान का निःशुल्क आयोजन किया जाएगा। ब्राह्मण समाज नागदा युवा संस्कार परिवार के तत्वावधान में सहस्त्र औदीच्य ब्राह्मण समाज के युवाओं द्वारा लगातार 12वें वर्ष यह आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम संयोजक निलेश मेहता ने बताया कि वैदिक आचार्यों के मार्गदर्शन में पितरों के निमित्त सामूहिक तर्पण, जलांजलि एवं पिंडदान की विधि संपन्न कराई जाएगी। पं. अजय पंड्या, पं. दीपक पंड्या एवं पं. दिव्यांश पंड्या के नेतृत्व में धार्मिक अनुष्ठान होंगे। श्रद्धालुओं को आवश्यक पूजन सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
आयोजन में शामिल होने वाले श्रद्धालु अपने साथ थाली, परात, लोटा, बाल्टी, आसन, फूलमाला एवं फल आदि लेकर आ सकते हैं। शेष आवश्यक पूजन सामग्री आयोजन स्थल पर उपलब्ध कराई जाएगी। नायन डेम पर पंडित गौरव व्यास द्वारा आगंतुक श्रद्धालुओं को तर्पण संपन्न कराया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार पितरों की आत्मशांति एवं मोक्ष की भावना से प्रतिवर्ष यह आयोजन किया जाता है। श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में पहुंचकर सामूहिक तर्पण एवं पिंडदान में सहभागिता करने का आग्रह किया गया है। अधिक जानकारी के लिए कार्यक्रम संयोजक निलेश मेहता से संपर्क किया जा सकता है।


