थांदला में डूंगर प्रांत का भव्य प्रश्नमंच, 75 टीमों ने दिखाई ज्ञान-परीक्षा में प्रतिभा
150 श्राविकाओं ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा, टॉप-10 टीमों सहित सभी प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत
थांदला। गुरु दर्शन और ज्ञान आराधना के अद्भुत संगम का साक्षी थांदला उस समय बना, जब अखिल भारतीय श्री चंदना श्राविका संगठन, डूंगर प्रांत का भव्य प्रश्नमंच आयोजित किया गया। श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ थांदला के तत्वावधान में धर्मोत्कर्ष तत्वज्ञ वर्षावास के अंतर्गत हुए इस आयोजन में डूंगर प्रांत के विभिन्न क्षेत्रों से 75 टीमों के 150 सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रश्नमंच में थांदला के अलावा मेघनगर, करवड़, खवासा, बामनिया, झाबुआ, कल्याणपुरा सहित अन्य क्षेत्रों की श्राविकाओं ने हिस्सा लिया। आयोजन धर्मदास गणनायक प्रवर्तक पूज्य श्री जिनेंद्र मुनिजी म.सा. के आज्ञानुवर्ती तत्वज्ञ पूज्य श्री धर्मेंद्र मुनिजी म.सा., रोचक वक्ता पूज्य श्री संदीपमुनिजी म.सा. तथा पूज्या महासती श्री निखिलशीलाजी म.सा., पूज्या महासती श्री दिव्यशीलाजी म.सा. सहित 12 संयमी आत्माओं के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ।
गुरु भगवंतों के जीवन और धर्म-साधना पर आधारित रहे प्रश्न
पौषध भवन में व्याख्यान के बाद तत्वज्ञ श्री धर्मेंद्रमुनिजी म.सा. ने प्रथम प्रश्न पूछकर प्रश्नमंच का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में भगवान आदिनाथ, आचार्य प्रवर पूज्य गुरुदेव श्री उमेशमुनिजी म.सा., धर्मदास गणनायक प्रवर्तक पूज्य श्री जिनेंद्र मुनिजी म.सा., तत्वज्ञ श्री धर्मेंद्रमुनिजी म.सा. सहित थांदला में विराजित साधु-साध्वी भगवंतों के जीवन, उनके विचारों और धर्म-साधना से जुड़े प्रश्न पूछे गए।
प्रश्नों को लेकर महिला प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने धार्मिक ज्ञान और स्मरण शक्ति का प्रदर्शन करते हुए प्रश्नों के उत्तर दिए।
ये टीमें रहीं टॉप-10 में
प्रश्नमंच में निकिता चौधरी और प्रज्ञा नाहर नागदा (धार), विनीता कांकरिया और नीता छाजेड़ (थांदला), पदमा जैन और सपना वागरचा (मेघनगर), संतोष भंडारी और मधु मेहता (पेटलावद), सरोज मूणत और ऊषा बुरड़ (राजगढ़), रानू मांडोत और महक मांडोत (करवड़), अर्चिता सोनी और मोनिका (मेघनगर), सलोनी पटवा और हषल पटवा (बामनिया), सरोज शाहजी और सोनिया शाहजी (थांदला) तथा स्मिता गादिया और मेघा जैन (थांदला) की टीमें टॉप-10 में रहीं।

सभी प्रतिभागियों को मिला सम्मान
प्रश्नमंच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें धर्मदास गण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष भरत भंसाली, श्रीसंघ अध्यक्ष प्रदीप गादिया, धर्मदास गण परिषद के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी पवन नाहर, श्राविका संगठन संरक्षक जितेंद्र मेहता, अखिल भारतीय श्री धर्मदास स्थानकवासी जैन युवा संगठन के राष्ट्रीय समन्वयक मिलिंद कोठारी, श्री ललित जैन नवयुवक मंडल अध्यक्ष प्रांजल लोढ़ा, सचिव प्रांजल भंसाली तथा श्री धर्मलता जैन महिला मंडल अध्यक्ष किरण श्रीश्रीमाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
डूंगर प्रांत की ओर से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंदु कवाड़, सुनीता गादिया, हेमा मेहता, सीमा चौरड़िया, किरण पावेचा और रोमी पालरेचा सहित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान भरत भंसाली और प्रदीप गादिया ने अपने विचार व्यक्त किए।
टॉप-10 टीमों को सम्मानित करने के साथ ही प्रश्नमंच में शामिल प्रत्येक श्राविका बहन को श्री धर्मदास गण परिषद की ओर से पुरस्कार एवं प्रभावना प्रदान की गई।
थांदला श्रीसंघ ने किया आत्मीय आतिथ्य
थांदला श्रीसंघ अध्यक्ष प्रदीप गादिया के मार्गदर्शन में गुरु दर्शन एवं प्रश्नमंच में शामिल होने पहुंची महिला मंडल सदस्यों और आराधकों के लिए स्थानीय महावीर भवन में आतिथ्य एवं सेवा-सत्कार की विशेष व्यवस्था की गई। श्री ललित जैन नवयुवक मंडल के सदस्यों ने भी आयोजन के दौरान सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
आयोजन की सफलता में सदस्यों का योगदान
प्रश्नमंच की सफलता में श्राविका संगठन की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनीता गादिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंदु कवाड़, पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री ममता कांकरिया, सीमा चौरड़िया, हेमा मेहता, रंजना गादिया, स्वीटी जैन, सुधा शाहजी, किरण पावेचा, रोमी पालरेचा, अमिता गादिया, संध्या भंसाली, दीपा शाहजी, नेहा लोढ़ा, रश्मि घोड़ावत, सुनीता पीचा, किरण श्रीश्रीमाल, शीतल नाहर और सोनम लोढ़ा सहित अनेक सदस्यों का सहयोग रहा। जितेंद्र मेहता (पेटलावद) एवं तरुण मंडल का भी विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ थांदला के प्रवक्ता पवन नाहर ने बताया कि इस तरह के आयोजन ज्ञान, धर्म और संगठनात्मक एकता को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को गुरु भगवंतों के जीवन, विचारों और सिद्धांतों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनते हैं।
