Ujjain से अयोध्या तक दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा 20 अक्टूबर से, 26 को पहुंचेगी सारंगपुर
80 की उम्र में 930 किमी पैदल चलेंगे दिग्विजय
सारंगपुर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह 20 अक्टूबर से सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा शुरू करेंगे। Ujjain के महाकालेश्वर मंदिर से शुरू होने वाली यह यात्रा करीब 930 किलोमीटर का सफर तय कर अयोध्या पहुंचेगी। यात्रा सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र में 26 अक्टूबर को प्रवेश करेगी, दो दिन क्षेत्र में रुकेगी और 28 अक्टूबर को राजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रस्थान करेगी।
खास बात यह है कि दिग्विजय सिंह ने 2017 में अपनी नर्मदा परिक्रमा विजयादशमी के दिन शुरू की थी। इस बार भी उन्होंने यात्रा की शुरुआत के लिए विजयादशमी का दिन ही चुना है।
Ujjain में ऐसा रहेगा शुरुआती कार्यक्रम
वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप जैन ने बताया कि “राजा साहब” पहले नर्मदा परिक्रमा यात्रा कर चुके हैं और अब सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। वे 19 अक्टूबर की रात उज्जैन आएंगे। दशहरा के दिन 20 अक्टूबर की सुबह सबसे पहले चिंतामन मंदिर जाएंगे, फिर बालाजी गार्डन में पार्थिव शिवलिंग बनाएंगे। इसके बाद महाकाल मंदिर में दर्शन कर करीब 2 बजे यात्रा शुरू करेंगे।
सारंगपुर विधानसभा में दो रात रुकेगी यात्रा
प्रदीप जैन के अनुसार सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र में यात्रा दो दिन रहेगी। पहला पड़ाव सारंगपुर में होगा, जहां भल्ला हाइट में दिग्विजय सिंह रात्रि विश्राम करेंगे। अगली सुबह 27 अक्टूबर को यात्रा बिलोदा, धनोरा और मऊ होते हुए गुलावता पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। 28 अक्टूबर को यात्रा राजगढ़ विधानसभा में प्रवेश करेगी। हर पड़ाव पर साथ चलने के लिए हजारों लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
70 दिन की यात्रा, रोज करीब 15 किमी पैदल
यात्रा में करीब 930 किमी की दूरी तय की जाएगी, जिसे 70 दिन में पूरा करने का लक्ष्य है। रोज करीब 15 किमी पैदल चलने की योजना है। तैयारी के लिए दिग्विजय सिंह रोज करीब 8 किमी पैदल अभ्यास कर रहे हैं। यात्रा में करीब 3 हजार लोगों के शामिल होने की तैयारी है। इसे गैर-राजनीतिक रखने की बात कही गई है। यात्रा का ध्येय वाक्य “यतो धर्मस्ततो जय:” रखा गया है।
12 अक्टूबर को राजगढ़ में बैठक
कांग्रेस संगठन महासचिव राधेश्याम सोमतिया ने बताया कि यात्रा को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह की अध्यक्षता में 12 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे जिला कांग्रेस कार्यालय राजगढ़ में बैठक होगी। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सौंधिया सहित पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, जिला और जनपद पंचायत के पदाधिकारी व सदस्य, सरपंच, ब्लॉक और मंडलम अध्यक्ष व कार्यकारिणी सदस्य, सभी प्रकोष्ठ और विभागों के पदाधिकारी तथा वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता शामिल होंगे। बैठक में तैयारियों पर चर्चा कर रूपरेखा बनाई जाएगी।
