Amit Shah आज भोपाल में 35 हजार से अधिक गोपालकों को करेंगे संबोधित
भेल दशहरा मैदान में गौपालक सम्मेलन, उज्जैन के 3 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले डेयरी प्लांट का होगा वर्चुअल भूमिपूजन
भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah शनिवार, 3 अक्टूबर को भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। भेल दशहरा मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में 35 हजार से अधिक गोपालक, दुग्ध उत्पादक और डेयरी सहकारी समितियों से जुड़े सदस्य शामिल होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत नए आपराधिक कानूनों से संबंधित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी के उद्घाटन से होगी। इसके बाद अमित शाह गौपालक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन में पशुपालन और डेयरी क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी भी प्रस्तुत की जाएगी।
उज्जैन में 255 करोड़ के डेयरी प्लांट का भूमिपूजन
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह उज्जैन में 3 लाख लीटर प्रतिदिन प्रसंस्करण क्षमता वाले डेयरी प्लांट का वर्चुअल भूमिपूजन करेंगे। PIB के अनुसार इस परियोजना की लागत करीब 255 करोड़ रुपये है। इसके साथ ही भोपाल में 40 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का उद्घाटन किया जाएगा।
भोपाल में सहकारी क्षेत्र की राज्य स्तरीय अत्याधुनिक डेयरी प्रयोगशाला का भी उद्घाटन प्रस्तावित है। इसके अलावा शिवपुरी के मिनी डेयरी संयंत्र में किए गए सुदृढ़ीकरण कार्य का भी डिजिटल शुभारंभ किया जाएगा।
दुग्ध उत्पादकों को बोनस और गौशालाओं को सहायता
सम्मेलन में भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ से जुड़े दुग्ध उत्पादकों को बोनस राशि वितरित की जाएगी। पंजीकृत गौशालाओं को आर्थिक सहायता देने की भी योजना है। इसके अलावा डेयरी सहकारी समितियों के सदस्यों को 15.10 करोड़ रुपये का लाभांश वितरित किया जाएगा तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली गोपालक दीदियों का सम्मान किया जाएगा।
कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र भी होंगे वितरित
कार्यक्रम में डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए जाने हैं। सम्मेलन में पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को मजबूत करने तथा दुग्ध उत्पादकों की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी।
आंतरिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी बैठक
गौपालक सम्मेलन के अलावा अमित शाह भोपाल में आंतरिक सुरक्षा और केंद्र-राज्य समन्वय से जुड़े विषयों पर अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन, नशामुक्ति, साइबर अपराध, आतंकवाद और अन्य सुरक्षा संबंधी विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है।
इसके बाद उनके कार्यक्रम में भोपाल के पश्चिमी बाइपास तथा आईआईएसईआर-एटीआरआई परिसर से जुड़े कार्यक्रम भी शामिल हैं। एटीआरआई परिसर में उन्नत अनुसंधान, नवाचार, शिक्षा और कौशल विकास से संबंधित गतिविधियों पर जोर दिया जाना है।
