कट्ठीवाड़ा पुलिस की अवैध शराब परिवहन पर कार्रवाई, 5.57 लाख की शराब और वाहन जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
Alirajpur। कट्ठीवाड़ा पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए मारुति ईको वाहन से भारी मात्रा में बीयर और शराब जब्त की है। पुलिस ने वाहन चालक को मौके से गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जब्त शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 5,57,600 रुपए बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
थाना कट्ठीवाड़ा क्षेत्रांतर्गत 29 सितंबर 2026 की रात करीब 11:30 से 11:45 बजे के बीच रात्रि गश्त के दौरान थाना मोबाइल को मुखबिर से अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम ग्राम रठौडी पहुंची और घेराबंदी की। इस दौरान कच्चे रास्ते से आ रही सफेद रंग की मारुति ईको गाड़ी (रजिस्ट्रेशन नं. GJ-06-HS-2663) को रोका गया।
गुजरात निवासी चालक गिरफ्तार
वाहन में बैठे चालक दिनेश पिता लालजीभाई पलास भील (33 वर्ष), निवासी आमली खजुरिया वेट फलिया, थाना जेसावाड़ा, जिला दाहोद (गुजरात) को पकड़ा गया। वाहन की जांच में अवैध शराब भरी मिली।
जब्त सामग्री का विवरण
- बीयर माउंट 6000: 16 पेटी (9 पेटी बैच नं. 135 MP C2 A, दिनांक 20.09.2026 तथा 7 पेटी बैच नं. 135 MP C2 B, दिनांक 21.09.2026)। प्रत्येक पेटी में 24 टिन के डिब्बे, प्रत्येक में 500 एमएल। कुल मात्रा 192 बल्क लीटर, अनुमानित मूल्य ₹38,400।
- लंदन प्राइड: 4 पेटी (बैच नं. 55)। प्रत्येक पेटी में 48 क्वार्टर, कुल 192 क्वार्टर, मात्रा 345.60 बल्क लीटर, अनुमानित मूल्य ₹19,200।
- कुल शराब: 537.6 बल्क लीटर, अनुमानित मूल्य ₹57,600।
- जब्त वाहन: सफेद मारुति ईको (GJ-06-HS-2663), अनुमानित मूल्य ₹5,00,000।
- कुल जब्त संपत्ति: ₹5,57,600।
आरोपी ने बताया, बिक्री के लिए ले जा रहा था शराब
पुलिस के अनुसार आरोपी दिनेश ने शराब बिक्री के लिए परिवहन करना स्वीकार किया और बताया कि उसके पास कोई परमिट नहीं था। आरोपी को घटनास्थल से गिरफ्तार कर थाना कट्ठीवाड़ा में अपराध क्रमांक 145/2026 धारा 34(1), 34(2) एवं 46 आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
अवैध शराब की इस धरपकड़ में थाना प्रभारी कट्ठीवाड़ा निरीक्षक दिनेश सोलंकी, उपनिरीक्षक लालू भूरिया, प्रधान आरक्षक 400 मुकेश अमलियार, प्रधान आरक्षक 341 दशरथ और आरक्षक 449 विकास का सराहनीय योगदान रहा।
