आंगन मिलन में योजनाओं की जानकारी, बच्चों ने फल-सब्जियों से दिया स्वस्थ रहने का संदेश
पड़ाना। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को एकीकृत माध्यमिक कन्या शाला पड़ाना के आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में आंगन मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस दौरान शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई और नन्हे बच्चों ने फल-सब्जियों के माध्यम से स्वस्थ रहने का संदेश दिया।
दीप प्रज्वलन के साथ हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती और भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन, पूजन एवं माल्यार्पण से हुई। इसके बाद अतिथियों ने उपस्थित हितग्राहियों और ग्रामीणों को संबोधित किया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत 8 अक्टूबर तक कार्यक्रम
मुख्य अतिथि भाजपा जिला मंत्री मनोहर सिंह परमार, जिला सोशल मीडिया प्रभारी लोकेंद्र गुर्जर और पूर्व जनपद सदस्य दिनेश परमार ने आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 26 सितंबर से 8 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
आंगन मिलन के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, बच्चों, लाड़ली लक्ष्मी योजना से जुड़ी बालिकाओं सहित अन्य पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया।
बच्चों ने फल-सब्जियों से दिया पोषण का संदेश
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नन्हे बच्चों की प्रस्तुति रही। बच्चों ने फल-फ्रूट और साग-सब्जियों के माध्यम से स्वस्थ रहने का संदेश दिया। इस प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
विभागीय योजनाओं की दी जानकारी
महिला एवं बाल विकास विभाग पड़ाना सेक्टर की पर्यवेक्षक निर्मला लोबाना ने विभागीय गतिविधियों और आंगनबाड़ी केंद्रों से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में पड़ाना क्षेत्र के सभी 10 आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की, जिनमें मनीषा सक्सेना, श्याम सक्सेना, रेशम दुगारिया, सरोज विश्वकर्मा, संगीता कुंभकार, मंजू विश्वकर्मा, पूजा जाटव, ममता मालवीय, शबनम अंसारी और रेखा वर्मा सहित अन्य शामिल रहीं।
स्वास्थ्यकर्मियों और कार्यकर्ताओं का सम्मान
समारोह के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की डॉक्टर अभिलाषा चौधरी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं का अतिथियों द्वारा स्वागत-सम्मान किया गया। सम्मानित होने वालों में संतोष वर्मा, ममता वर्मा, पूजा वर्मा, रीना विश्वकर्मा, रेखा गोस्वामी, सुशील चौरसिया, रेखा सिरोलिया और मंकुवर वर्मा सहित अन्य शामिल रहे।
इन्होंने की उपस्थिति
इस अवसर पर शिक्षक रामकरण राठौर, स्वास्थ्य विभाग सुपरवाइजर लक्ष्मीनारायण सिलोरिया, नेमीचंद राठौर, सोहेल अंसारी, राजाराम भारतीय सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, सहायिकाएं और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में महिला बाल विकास विभाग सेक्टर सुपरवाइजर निर्मला लोबाना ने सभी का आभार व्यक्त किया।
