सिलवानी के वार्ड 11 में जर्जर मकान से हादसे का खतरा, सफाई और सुरक्षा की मांग
होली चौक के रहवासी परेशान, खाली पड़े परिसर में झाड़ियां और जहरीले जीव-जंतुओं का बढ़ा खतरा
सिलवानी संवाददाता : वैभव जैन मस्ताना,
सिलवानी। नगर परिषद सिलवानी के वार्ड क्रमांक 11 स्थित होली चौक में वर्षों से क्षतिग्रस्त और खाली पड़े एक मकान को लेकर आसपास के रहवासियों में चिंता बनी हुई है। वार्डवासियों का कहना है कि लंबे समय से मकान की सफाई और सुरक्षा की ओर ध्यान नहीं दिए जाने के कारण यहां गंदगी, झाड़ियां और जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने स्थानीय प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की है।
वार्ड क्रमांक 11 में होली चौक स्थित मस्ताना निवास के पास मदनलाल लखनलाल पिता भदूलाल का मकान बताया जा रहा है। रहवासियों के अनुसार यह मकान काफी वर्षों से क्षतिग्रस्त होकर खाली पड़ा है। मकान की दीवारें जर्जर स्थिति में हैं और परिसर में साफ-सफाई नहीं होने से स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
सांप और जहरीले जीव-जंतुओं से रहवासी परेशान
वार्डवासियों का कहना है कि खाली और उपेक्षित पड़े परिसर में झाड़ियां तथा कचरा जमा होने के कारण सांप और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के छिपने की आशंका बनी रहती है। आसपास के घरों में भी आए दिन सांप निकलने की घटनाओं से लोगों में डर का माहौल है।
रहवासियों के मुताबिक विशेष रूप से बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उनका कहना है कि रात के समय स्थिति और अधिक चिंताजनक हो जाती है। जर्जर मकान की दीवारों के गिरने की आशंका को लेकर भी लोगों ने चिंता जताई है।

कई बार समझाने के बावजूद नहीं हुई सफाई
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि मकान की स्थिति को लेकर संबंधित परिवार से कई बार सफाई और परिसर को सुरक्षित कराने का आग्रह किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का आरोप है कि इस विषय में बातचीत करने पर कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है।
वार्डवासियों का कहना है कि मामले को व्यक्तिगत विवाद का विषय बनाने के बजाय सार्वजनिक सुरक्षा से जोड़कर देखा जाना चाहिए, क्योंकि जर्जर मकान के आसपास बड़ी संख्या में लोग रहते हैं और यहां बच्चों का आना-जाना भी रहता है।
प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग
मामले को लेकर वार्डवासियों ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि संबंधित मकान मालिक को आवश्यक समझाइश देकर परिसर की तत्काल सफाई कराई जाए। साथ ही जर्जर भवन और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।
रहवासियों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई और सुरक्षा की व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने नगर परिषद से मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
