नवयुवक परिषद के राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने किए साध्वी अमृतरसा श्रीजी के दर्शन-वंदन
50 से अधिक श्रीसंघों के श्रद्धालु पहुंचे महिदपुर रोड, साध्वीजी से लिया मंगल आशीर्वाद
महिदपुर रोड। नगर के श्री राजेंद्रसूरि ज्ञान मंदिर में चातुर्मास के लिए विराजित परम पूज्य साध्वी डॉ. अमृतरसा श्रीजी महाराज साहब आदि ठाणा के दर्शन-वंदन एवं क्षमापना के लिए अखिल भारतीय राजेंद्र जैन नवयुवक परिषद के राष्ट्रीय पदाधिकारियों का महिदपुर रोड आगमन हुआ। इस अवसर पर जैन श्रीसंघ एवं चातुर्मास समिति की ओर से पदाधिकारियों का स्वागत और बहुमान किया गया।National Office-Bearers of Rajendra Jain Yuva Parishad
अखिल भारतीय राजेंद्र जैन नवयुवक परिषद के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश भाई धरू, मुंबई, राष्ट्रीय शिक्षा मंत्री भरत भाई वौहरा, राष्ट्रीय व्यावच्छ मंत्री भरत भाई लाडू, अहमदाबाद तथा राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी बृजेश भाई बोहरा, नागदा सहित अन्य पदाधिकारी साध्वीजी के दर्शन-वंदन के लिए पहुंचे। सभी पदाधिकारियों का स्वागत जैन श्रीसंघ अध्यक्ष अजय चोरड़िया, चातुर्मास समिति अध्यक्ष परेश चत्तर सहित समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने किया।
इंदौर अधिवेशन में शामिल होने का आह्वान
जैन समाज मीडिया प्रभारी सचिन भंडारी ने बताया कि राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने आगामी 3 और 4 अक्टूबर को इंदौर में आयोजित होने वाले अधिवेशन में परिषद के सभी साथियों से शामिल होने का आह्वान किया। इस दौरान परिषद की गतिविधियों और संगठनात्मक सहभागिता को लेकर भी चर्चा हुई।
50 से अधिक श्रीसंघों ने किए दर्शन-वंदन
साध्वी डॉ. अमृतरसा श्रीजी महाराज साहब आदि ठाणा के चातुर्मास के दौरान लगातार विभिन्न नगरों और क्षेत्रों से जैन श्रीसंघ महिदपुर रोड पहुंच रहे हैं। अब तक 50 से अधिक श्रीसंघों के श्रद्धालु साध्वीजी के दर्शन-वंदन का लाभ ले चुके हैं।

जावरा, रतलाम, खाचरौद, नागदा, जोबट, इंदौर, उज्जैन, कुशलगढ़, बाग, मेघनगर, धार, टांडा, भाटपचलाना सहित विभिन्न स्थानों से श्रीसंघों का आगमन हो रहा है। श्रद्धालु साध्वीजी के दर्शन-वंदन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
जोबट श्रीसंघ ने लिया दर्शन-वंदन का लाभ
मंगलवार को जोबट जैन श्रीसंघ के 50 से अधिक सदस्य दो दिवसीय दर्शन-वंदन यात्रा के तहत महिदपुर रोड पहुंचे। श्रीसंघ के सदस्यों ने साध्वीजी के दर्शन-वंदन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर काठेड़ परिवार द्वारा संघ प्रभावना का लाभ लिया गया।
इसी क्रम में पर्यावरण प्रेमी स्वर्गीय किशोरजी खिंमावत की धर्मपत्नी श्रीमती बसंतीबाई खिंमावत ने भी गत दिवस सपरिवार पहुंचकर साध्वीजी के दर्शन-वंदन का लाभ लिया। वहीं शाम को नागदा महिला परिषद की सदस्याएं भी महिदपुर रोड पहुंचीं और साध्वीजी के दर्शन-वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रतिदिन पहुंच रहे श्रीसंघ
नगर में चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन विभिन्न क्षेत्रों से जैन श्रीसंघों का आगमन हो रहा है। श्रद्धालु साध्वीजी के दर्शन-वंदन के साथ धार्मिक मार्गदर्शन और मंगल आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। जैन समाज के अनुसार, बड़ी संख्या में विभिन्न श्रीसंघों का महिदपुर रोड पहुंचना समाज और नगर के लिए गौरव एवं सौभाग्य की बात है।
