Indore में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, चार जगह दबिश; बाइक सवार समेत 4 पकड़े गए
Indore। अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग ने सोमवार को विशेष अभियान चलाकर शहर में चार स्थानों पर कार्रवाई की। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन और सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई में कुल चार प्रकरण दर्ज किए गए। विभाग के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 13.5 लीटर विदेशी मदिरा, 10 लीटर बीयर और 33.3 लीटर देशी मदिरा जब्त की गई।
नवलखा में देशी शराब बरामद
आबकारी विभाग की पहली कार्रवाई नवलखा क्षेत्र में की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने दबिश देकर संजू नामक व्यक्ति को पकड़ा। विभाग के अनुसार, उसके कब्जे से प्लास्टिक की बोरियों में रखी 50 पाव देशी प्लेन और 50 पाव देशी मसाला शराब बरामद की गई।
छावनी में बाइक से हाई रेंज शराब ले जाते पकड़ा
दूसरी कार्रवाई छावनी क्षेत्र में की गई, जहां आबकारी टीम ने कथित तौर पर बाइक से शराब ले जा रहे अंकित सैनी को पकड़ा। विभाग के अनुसार, अंकित सैनी होंडा एक्टिवा क्रमांक CG 10 AP 5192 पर बैग में शराब लेकर जा रहा था।
जांच के दौरान उसके कब्जे से ब्लैक एंड व्हाइट, रॉकफोर्ड व्हिस्की और ओल्ड मॉन्क रम की कुल 18 बोतलें बरामद होने की जानकारी दी गई है।
रालामंडल और असरावद खुर्द में भी कार्रवाई
आबकारी विभाग ने इसके बाद रालामंडल और असरावद खुर्द क्षेत्र में भी दबिश दी। यहां टीम ने गीताबाई और मनीष चौधरी के पास से 20 बीयर कैन, 40 पाव देशी मसाला और 45 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की।
विभाग के अनुसार, चारों मामलों में आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
आबकारी टीम की कार्रवाई
कार्रवाई कंट्रोलर कमलेश सोलंकी और डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल के नेतृत्व में की गई। अभियान में उपनिरीक्षक आशीष जैन, त्रियंबिका शर्मा, वैशाली भगत, आकाश मेश्राम सहित आबकारी विभाग के अन्य कर्मचारियों की भूमिका रही।
