सेवा पखवाड़ा के तहत महिला आईटीआई में वृहद स्वच्छता अभियान
Ratlam । सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत रतलाम स्थित शासकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (महिला आईटीआई) परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) के नेशनल यूथ वॉलंटियर (NYV) शिवम कौशल के संयोजन में आयोजित अभियान में आईटीआई के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्वच्छता अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने संस्थान के मुख्य परिसर, कक्षाओं के आसपास और खुले मैदान में साफ-सफाई करते हुए श्रमदान किया। विद्यार्थियों ने परिसर में एकत्रित कचरे को साफ कर उसका उचित निस्तारण भी किया। अभियान के दौरान युवाओं ने स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश दिया।

कार्यक्रम में महिला आईटीआई के प्राचार्य सुजीत चौहान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के सामाजिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं है, बल्कि इसे नियमित आदत के रूप में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण सकारात्मक शिक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर स्टाफ सदस्य मोहम्मद सलमान खान भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए स्वच्छता अभियान में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित किया।
नेशनल यूथ वॉलंटियर शिवम कौशल ने बताया कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों के माध्यम से युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में आईटीआई के स्टाफ और छात्र-छात्राओं ने संस्थान परिसर के साथ-साथ अपने आसपास के क्षेत्र को भी स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।
