Jain सोशल ग्रुप नागदा ने किया 32 शिक्षकों का सम्मान
नागदा। जैन सोशल ग्रुप नागदा की ओर से स्थानीय स्नेह स्कूल में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जैन समाज के 32 शिक्षकों का सम्मान कर शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को सराहा गया। समारोह के मुख्य अतिथि सकल श्रीसंघ अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजेश धाकड़ रहे।
कार्यक्रम में वर्धमान स्थानकवासी श्रावक संघ अध्यक्ष सतीश जैन ‘सांवेर वाले’, मूर्ति पूजक श्रीसंघ अध्यक्ष मनीष व्होरा, बिरलाग्राम मंडल अध्यक्ष प्रकाश जैन तथा जैन सोशल ग्रुप रीजन उपाध्यक्ष शरद जैन अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जैन सोशल ग्रुप अध्यक्ष धर्मेन्द्र बंम ने की।
सरस्वती पूजन और नवकार मंत्र के साथ शुरुआत
समारोह का शुभारंभ सरस्वती पूजन एवं सामूहिक नवकार मंत्र जाप के साथ किया गया। इसके बाद ग्रुप अध्यक्ष धर्मेन्द्र बंम ने स्वागत उद्बोधन दिया। कार्यक्रम के लाभार्थी बनने पर ग्रुप सदस्य मनीष हर्षिता जैन का बहुमान भी किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने गुरु और शिक्षक के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और नई पीढ़ी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जैन सोशल ग्रुप द्वारा समाज के शिक्षकों के सम्मान के लिए पहली बार इस प्रकार का आयोजन किए जाने की वक्ताओं ने सराहना की।

चिकित्सकों और सीए के बाद शिक्षकों का सम्मान
कार्यक्रम में बताया गया कि जैन सोशल ग्रुप द्वारा पिछले वर्ष जैन समाज के चिकित्सकों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का सम्मान किया गया था। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष शिक्षकों के सम्मान का आयोजन किया गया।
शिक्षकों की ओर से जितेन्द्र जैन एवं गुंजन बोहरा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और सम्मान समारोह के आयोजन के लिए जैन सोशल ग्रुप का आभार व्यक्त किया।
सदस्यों ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी
कार्यक्रम का संचालन मनोज वागरेचा ने किया। आयोजन के सुंदर संयोजन के लिए राजा कर्नावट एवं अमित बम की ग्रुप की ओर से प्रशंसा की गई।
समारोह में कमल जैन, सुभाष बाफना, राजेश सकलेचा, रवि संघवी, यशवंत धूपिया, सुधांशु जैन, प्रदीप बोथरा, राकेश ओरा, दीपक जैन, अनिल जैन, सचिन सकलेचा, अनूप जैन, जीवन बावेल, रसमन तांतेड, शर्मिला बंम, सरिता सकलेचा, कल्पना जैन सहित जैन सोशल ग्रुप के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान और उनके सामाजिक योगदान को रेखांकित किया गया। आयोजन में उपस्थित सदस्यों ने शिक्षा और समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
