शासकीय कन्या महाविद्यालय नागदा में मनाया गया रासेयो स्थापना दिवस
तीन दिवसीय आयोजन में चित्रकला, पोस्टर मेकिंग और भाषण प्रतियोगिता, छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
नागदा। शासकीय कन्या महाविद्यालय नागदा में राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) स्थापना दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना, रेड रिबन क्लब एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। स्थापना दिवस के तीन दिवसीय आयोजन में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के पहले दिन उद्घाटन एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अलका चौहान ने छात्राओं को रासेयो के बारे में जानकारी देते हुए इसके उद्देश्य, कार्यप्रणाली और महत्व से अवगत कराया। इस दौरान स्वयंसेवकों का चयन भी किया गया।
‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता
आयोजन के दूसरे दिन सेवा संकल्प अभियान एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और चित्रों एवं पोस्टरों के माध्यम से भारत के विकास और अपने सपनों के देश की कल्पना को प्रस्तुत किया।

‘विकसित भारत में मेरा योगदान’ पर भाषण प्रतियोगिता
तीसरे दिन राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत छात्राओं के लिए भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का विषय ‘विकसित भारत में मेरा योगदान’ रखा गया। छात्राओं ने विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका और अपनी जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य डॉ. के.सी. मिश्रा ने की। उन्होंने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए रासेयो जैसी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।
मुख्य वक्ता के रूप में प्रोफेसर डी.के. बुधौलिया ने राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए छात्राओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया।
सेवा संकल्प अभियान की प्रभारी डॉ. अर्चना करंदीकर ने बताया कि छात्राओं ने भाषण प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कहा कि छात्राओं ने विकसित भारत में अपने योगदान को लेकर प्रभावी ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का संचालन छात्राओं संध्या राठौर एवं निर्मला राठौर ने किया। आभार प्रदर्शन डॉ. ए.आर. चौहान ने किया। इस अवसर पर प्रो. रचित चौहान सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत महाविद्यालय में आगामी एक माह तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को सामाजिक सरोकारों, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
