गंधवानी पुलिस की सराहनीय पहल: बाजार में भटक रही 22 वर्षीय युवती को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया
भूखी-प्यासी युवती को थाने लाकर कराया भोजन, पूछताछ और पतासाजी के बाद माता-पिता के सुपुर्द किया
रिपोर्ट : नरेन्द्र सिरवी
गंधवानी। गंधवानी पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए बाजार में भटक रही कुक्षी क्षेत्र की 22 वर्षीय युवती को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया। पुलिस ने युवती को थाने लाकर पहले भोजन कराया और इसके बाद उससे धैर्यपूर्वक पूछताछ कर उसके परिवार का पता लगाया।
जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को गंधवानी कस्बे के नागरिकों ने पुलिस को सूचना दी कि एक युवती सुबह से बाजार क्षेत्र में भटक रही है और अपना नाम-पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही है। सूचना मिलते ही गंधवानी पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित थाने लेकर आई।
थाने में महिला प्रधान आरक्षक सकरी निंगवाल ने युवती से संवेदनशीलता और धैर्य के साथ बातचीत की। प्रारंभ में युवती द्वारा अलग-अलग जानकारी दिए जाने के कारण उसकी पहचान सुनिश्चित नहीं हो पा रही थी। पुलिस ने उसे विश्वास में लेकर बातचीत जारी रखी।
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि युवती सुबह से भूखी-प्यासी थी। पुलिसकर्मियों ने पहले उसे भोजन कराया। इसके बाद युवती ने अपना नाम किरण पिता इंदरसिंह देसाई, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम रोजा, थाना कुक्षी बताया।
युवती से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों की तलाश शुरू की और माता-पिता से संपर्क कर उन्हें गंधवानी थाने बुलाया। पहचान और आवश्यक पुष्टि के बाद युवती को उसके पिता इंदरसिंह और माता बसंतीबाई के सुपुर्द कर सुरक्षित घर रवाना किया गया। परिजनों ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशील व्यवहार के लिए आभार व्यक्त किया।
- इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप खन्ना, उपनिरीक्षक नीरज कोचले, प्रधान आरक्षक मालसिंह, महिला प्रधान आरक्षक सकरी निंगवाल एवं आरक्षक सियाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
