मूर्ति विसर्जन को लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने चलाया जागरूकता अभियान
रिपोर्टर योगेश कुमार वर्मन
संभाग शहडोल जिला शहडोल मप्र
दियापीपर में निर्धारित विसर्जन कुंड का निरीक्षण, पर्यावरण गाइडलाइन और स्वच्छता का पालन करने की अपील
Shahdol । मूर्ति विसर्जन के दौरान जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने और पर्यावरण संरक्षण को लेकर मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय शहडोल की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। क्षेत्रीय अधिकारी के निर्देशन में दियापीपर में मूर्ति विसर्जन के लिए निर्धारित एवं निर्मित तालाब/कुंड के आसपास आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान लोगों को मूर्ति विसर्जन से संबंधित पर्यावरणीय गाइडलाइन का पालन करने की समझाइश दी गई। टीम ने पंपलेट वितरित कर स्वच्छता बनाए रखने, जल स्रोतों को प्रदूषित होने से बचाने और सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल से परहेज करने की अपील की।

निर्धारित कुंड में मूर्ति विसर्जन की अपील
अधिकारियों ने श्रद्धालुओं और पंडाल समितियों से निर्धारित तालाब या कुंड में ही मूर्ति विसर्जन करने का आग्रह किया, ताकि नदियों और अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों की गुणवत्ता बनी रहे। प्रशासन और एसडीएम से भी पर्यावरणीय गाइडलाइन के अनुसार विसर्जन कुंड/तालाब की व्यवस्था तथा ध्वनि संबंधी नियमों के पालन को लेकर आग्रह किया गया।

जल नमूनों की जांच
जल की गुणवत्ता की निगरानी के लिए संबंधित स्थानों से जल के नमूने लेकर उनकी जांच भी की जा रही है। बोर्ड की ओर से शहडोल क्षेत्र के साथ उमरिया, अनूपपुर और डिंडौरी जिलों के अधिकारियों, संगठनों, पंडाल पदाधिकारियों, श्रद्धालुओं और आमजन से पर्यावरणीय नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
अभियान में विश्वनाथ वर्मा, दिनेश शुक्ला और कामता प्रसाद बैगा सहित अन्य लोगों की सहभागिता रही। अधिकारियों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी का सहयोग जरूरी है।
