डोल ग्यारस पर 15 क्विंटल खिचड़ी प्रसाद का निःशुल्क वितरण, व्यापारी संघ की 23 साल से सेवा जारी
जवाहर मार्ग पर शाम 7:30 बजे महाआरती के बाद शुरू होगा प्रसाद वितरण, भगवान शिव एवं श्री गणेश की झांकी रहेगी आकर्षण का केंद्र
नागदा। डोल ग्यारस के अवसर पर नागदा व्यापारी संघ द्वारा लगातार 23वें वर्ष खिचड़ी प्रसाद का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। इस वर्ष संघ की ओर से करीब 15 क्विंटल खिचड़ी श्रद्धालुओं को वितरित की जाएगी। दो दशक से अधिक समय पहले 5 क्विंटल खिचड़ी वितरण के साथ शुरू हुई यह सेवा अब 15 क्विंटल तक पहुंच गई है। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक परंपरा के साथ सामाजिक समरसता और सेवा भावना को बढ़ावा देना है।
जवाहर मार्ग पर होगा आयोजन
खिचड़ी प्रसाद वितरण का आयोजन जवाहर मार्ग स्थित शासकीय कन्या विद्यालय के सामने किया जाएगा। इसके लिए व्यापारी संघ की ओर से विशाल मंच तैयार किया जा रहा है। मंच पर भगवान शिव एवं भगवान श्री गणेश की धार्मिक झांकी स्थापित की जाएगी। शाम 7:30 बजे आमंत्रित अतिथियों द्वारा महाआरती की जाएगी। इसके बाद खिचड़ी प्रसाद के निःशुल्क वितरण का शुभारंभ होगा।
जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी होंगे शामिल
आयोजन में नगर के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, नगर पालिका प्रशासन की टीम, समाजसेवियों, सामाजिक एवं सेवा संगठनों के पदाधिकारियों, महिला मंडल और प्रतिष्ठित व्यापारियों को आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर नागदा व्यापारी संघ की ओर से अतिथियों एवं प्रशासनिक टीम का स्वागत किया जाएगा।
व्यापारी संघ ने की सहभागिता की अपील
संघ संयोजक दिलीप कांठेड़, अध्यक्ष पंकज नामदेव, सचिव नवीन पोरवाल, कोषाध्यक्ष भगवान पोरवाल, संरक्षक हनुमानप्रसाद शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने व्यापारियों से सेवा कार्य में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने का अनुरोध किया है। आयोजन की तैयारियों में संघ के पदाधिकारी, सदस्य और महिला मंडल सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
नगरवासियों से आयोजन में शामिल होने का आग्रह
व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने नगरवासियों से डोल ग्यारस के अवसर पर आयोजन में शामिल होकर भगवान शिव एवं श्री गणेश की झांकी के दर्शन करने और खिचड़ी प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है। संघ के अनुसार यह वार्षिक आयोजन धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और नगर की परंपराओं से जुड़ा हुआ है।
आयोजन की जानकारी संघ के मीडिया प्रभारी निलेश मेहता ने दी।
