भोपाल में अपना दल (एस) के नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान समारोह आयोजि
33 जिला अध्यक्षों और 31 प्रदेश पदाधिकारियों का हुआ स्वागत, संगठन विस्तार और सामाजिक न्याय पर जोर
भोपाल, 21 सितंबर: अपना दल (एस) की ओर से सोमवार को भोपाल स्थित होटल अशोका लिगेसी में नवनियुक्त जिला एवं प्रदेश पदाधिकारियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के 33 जिलों से आए नवनियुक्त जिला अध्यक्षों और 31 प्रदेश पदाधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। समारोह में संगठन के विस्तार, सामाजिक न्याय और आगामी राजनीतिक तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आर.बी. सिंह पटेल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन ने की। वहीं, राष्ट्रीय सचिव कालका प्रसाद पटेल और राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
संगठन को मजबूत करने पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव आर.बी. सिंह पटेल ने कहा कि मध्य प्रदेश में अपना दल (एस) की संगठनात्मक ताकत बढ़ाने के लिए प्रदेशभर में लगातार भ्रमण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने आदिवासी क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
राष्ट्रीय सचिव कालका प्रसाद पटेल ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र में पार्टी के संगठन को मजबूत करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक रूप से तैयार करने की बात कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सामाजिक न्याय के मुद्दों को प्राथमिकता
राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि मध्य प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेशभर में सर्वे कर संभावनाओं वाली विधानसभा सीटों को चिन्हित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ जनता के बीच लेकर जाएगी। इस दौरान पिछड़े वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण सहित सामाजिक न्याय से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने की बात कही गई।
प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन ने कहा कि अपना दल (एस) व्यवस्था परिवर्तन और सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रही हैं। इन्हीं विषयों को लेकर संगठन मध्य प्रदेश में जनता के बीच पहुंच रहा है। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की दिशा में चल रहे प्रयासों पर भी जोर दिया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान
समारोह में विभिन्न जिलों और पार्टी के अलग-अलग मंचों से आए पदाधिकारियों की मौजूदगी रही। इस दौरान नवनियुक्त जिला अध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए जिला अध्यक्षों सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
समारोह में अमृतलाल पटेल, एस.आर. नागले, सीताशरण सिंह, सुखेंद्र सिंह, राजेश कुमार पाल, रोशन पटेल, अर्जुन सिंह पटेल, मनभरन कोल, बृजभान सिंह, नरेंद्र सिंह, भूपेंद्र पटेल, विजय सिंह, राजेश्वर मिश्रा, विजय पटेल, रोहित चंदेल, मोहित गुप्ता, बाबूराम शेषकर, डॉ. सुरेंद्र नाहर, कैलाश वाईकर, डॉ. एन.पी. कनाटे, डॉ. आर.के. सनोड़िया, डॉ. रमेश कुमार उसरेटे, एडवोकेट राघव पटेल, अनिल जायसवाल, प्रदीप पटेल, मनोज पटेल, मनीष सरवैया और हरदास कुशवाहा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में संगठन को प्रदेशभर में मजबूत बनाने और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
