भीनमाल में सनातन संस्कृति रक्षा शिविर और 108 कुंडीय महायज्ञ का आज होगा भव्य समापन
नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में आयोजित होगा कार्यक्रम, प्रशिक्षण प्राप्त बालक-बालिकाएं दिखाएंगे आत्मरक्षा कौशल
भीनमाल। सनातन संस्कृति जागरण संघ के तत्वावधान में गत 11 सितंबर से आयोजित किए जा रहे सनातन संस्कृति रक्षा शिविर एवं 108 कुंडीय महायज्ञ का भव्य समापन 22 सितंबर को शाम 5 बजे नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में किया जाएगा। 11 दिनों तक चले इस आयोजन के समापन अवसर पर नगरवासी सामूहिक रूप से यज्ञ में आहुतियां देंगे। कार्यक्रम को लेकर आयोजकों की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बालक-बालिकाओं को दिया गया आत्मरक्षा और चरित्र निर्माण का प्रशिक्षण
संगठन के सदस्य रमेश माली ने बताया कि शिविर के दौरान प्रतिदिन सुबह 6 से 8 बजे और शाम 5 से 7 बजे तक सांभर स्थित आर्योदय गुरुकुल के आचार्य सत्यम आर्य एवं उनकी टीम द्वारा सैकड़ों बालक-बालिकाओं को आत्मरक्षा और चरित्र निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से बच्चों को आत्मविश्वास, अनुशासन और सुरक्षा से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
समापन समारोह के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त बालक-बालिकाएं नगरवासियों के सामने अपने शौर्य और आत्मरक्षा कौशल का प्रदर्शन करेंगे। इस प्रदर्शन के माध्यम से बच्चों द्वारा शिविर में सीखी गई तकनीकों और प्रशिक्षण का परिचय दिया जाएगा।
108 कुंडीय महायज्ञ में सभी श्रद्धालु दे सकेंगे आहुति
संगठन के सदस्य डॉ. अक्षय बोहरा ने बताया कि 108 कुंडीय महायज्ञ में श्रद्धालु अपने परिवार के साथ, सपत्नीक अथवा अकेले बैठकर आहुति दे सकेंगे। यज्ञ में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का शुल्क निर्धारित नहीं किया गया है। आयोजकों के अनुसार, इसका उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को बिना किसी भेदभाव के महायज्ञ में सहभागिता का अवसर प्रदान करना है।
महायज्ञ के यज्ञ ब्रह्मा आर्ष गुरुकुल महाविद्यालय, आबू के अध्यक्ष स्वामी ओमानंद होंगे। कार्यक्रम में वैदिक वैज्ञानिक अग्निव्रत नैष्ठिक, आर्य समाज राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष आर्य जयसिंह गहलोत एवं स्वामीनारायण संस्थान के प्रमुख दिव्यस्वरूपदास महाराज का पावन सानिध्य रहेगा।
प्रमुख अतिथि और विशिष्ट अतिथियों की रहेगी मौजूदगी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आर्य समाज के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर्य किशनलाल गहलोत होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी एवं युवा उद्यमी प्रेमसिंह राव करेंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में युवा समाजसेवी नरेंद्र सिंह ईराणी, फाफरिया हनुमान मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष भंवरलाल माली, वाराह श्याम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्याम खेतावत, खेतलाजी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रेमाराम बंजारा और क्षेमकरी माता मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष कोलचंद सोनी मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा समाजसेवी हीरालाल माली, आर्य समाज जालोर के प्रधान दलपत सिंह आर्य, न्यूज 18 राजस्थान के जालोर ब्यूरो चीफ रेवाशंकर रावल, समाजसेवी सुखराज माली, आदर्श गृहणी पुरी देवी सोलंकी, फगलूराम मेघवाल और आचार्य सत्यम आर्य सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी।

आर्य वीर दल के पदाधिकारियों ने किया शिविर का अवलोकन
आयोजकों ने बताया कि इससे पहले 20 सितंबर को आर्य वीर दल राजस्थान के प्रांत संचालक भवदेव शास्त्री और प्रांत प्रचारक भागचंद आर्य ने भी भीनमाल पहुंचकर शिविर का अवलोकन किया था। उन्होंने शिविर में चल रहे प्रशिक्षण और गतिविधियों की जानकारी ली।
नशामुक्ति का संकल्प दिलाने के साथ होगा समापन
समापन दिवस पर नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में वैदिक महायज्ञ और धार्मिक आयोजनों से वातावरण भक्तिमय रहेगा। इस अवसर पर नशे का सेवन करने वाले लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा और उन्हें नशामुक्ति का संकल्प भी दिलाया जाएगा। आयोजकों का उद्देश्य धार्मिक गतिविधियों के साथ सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना भी है।
सनातन संस्कृति जागरण संघ, भीनमाल ने समस्त नगरवासियों से समापन समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धार्मिक आयोजन में सहभागिता करने और धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
