लुनेरा के पास नर्मदा नदी में तैरता मिला युवक का शव, पुलिस ने शुरू की जांच
धार। समीप ग्राम लुनेरा के पास नर्मदा नदी में एक युवक का शव तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही धरमपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा शव
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान दीपक पिता बंसीलाल, निवासी ग्राम पेटलावद एवं इंदौर, के रूप में बताई जा रही है। शव करीब तीन से चार दिन पुराना होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
डीआरसी टीम ने शव को नदी से बाहर निकाला
सूचना मिलने के बाद धरमपुरी से डीआरसी टीम के दिनेश वर्मा सहित अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। टीम की मदद से नदी में तैर रहे शव को किनारे लाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए धरमपुरी भेज दिया।
थाना प्रभारी कर रहे मामले की जांच
धरमपुरी थाना प्रभारी सरदार सिंह सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के परिजनों को सूचना मिलने के बाद वे भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस द्वारा घटना से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
संवाददाता: कौशिक पंडित
