दैनिक स्वराज वाणी संवाददाता गौतम साल्वे, जिला ब्यूरो चीफ मंडलेश्वर
3.5 लाख दीपों से स्वर्णिम रोशनी में जगमगाया खरगोन जिला, मंडलेश्वर के राम घाट पर अलौकिक छटा
प्रशासनिक गरिमा और स्थानीय आयोजनों की रही चर्चा
मंडलेश्वर। मध्य प्रदेश शासन के ‘सेवा संकल्प अभियान’ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर खरगोन जिला प्रशासन द्वारा पूरे जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ सेवा पखवाड़े का अभूतपूर्व आगाज किया गया। इस भव्य आयोजन ने संपूर्ण जिले को दीपों की स्वर्णिम रोशनी से जगमगा दिया तथा सेवा एवं समर्पण का सशक्त संदेश दिया।
जिलेभर में एक साथ जले साढ़े तीन लाख से अधिक दीपक
अभियान के प्रथम दिवस संपूर्ण जिले के शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, अनुसूचित जाति व जनजाति हॉस्टलों जहां 100-100 दीपक प्रज्वलित किए गए, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों तथा लाडली बहनों के परिसरों में स्वैच्छिक दीप प्रज्वलन हुआ। इस प्रकार पूरे खरगोन जिले में एक साथ 3 लाख 50 हजार से अधिक दीपक जगमगा उठे, जिससे जिले का प्रत्येक कोना दीपों की आभा से आलोकित हो गया।
नर्मदा तट पर 11-11 हजार दीपों की जगमगाती शृंखला
इसी कड़ी में मंडलेश्वर के ऐतिहासिक राम घाट एवं महेश्वर के अहिल्या घाट पर 11-11 हजार दीपों की जगमगाती शृंखला से नर्मदा तट स्वर्णिम रोशनी से नहा उठे। दोनों घाटों पर दीपों की यह अलौकिक छटा देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक पहुंचे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय एवं उत्सवपूर्ण हो गया।

कलेक्टर ने किया दीप प्रज्वलन एवं रंगोलियों का अवलोकन
मंडलेश्वर के राम घाट पर पहुंचे खरगोन कलेक्टर गुरु प्रसाद ने दीप प्रज्वलन और छात्राओं व कलाकारों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोलियों का अवलोकन किया। छात्राओं द्वारा बनाई गई रंगोलियों की सुंदरता ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। इसके उपरांत कलेक्टर ने नर्मदा तट पर दीपदान किया और जीवनदायिनी मां नर्मदा की दिव्य महाआरती में सहभागिता की।
कलेक्टर ने कहा—समाज और शासन के जुड़ाव से ही संभव है विकास
महाआरती के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए कलेक्टर गुरु प्रसाद ने कहा कि जब तक समाज शासन से न जुड़े, तब तक वास्तविक विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जब तक मन में त्याग और सेवा की भावना न आए, तब तक सेवा सही मायने में पूरी नहीं मानी जा सकती। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से इस माहभर चलने वाले सेवा अभियान में सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया और बताया कि प्रशासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर जन-समस्याओं का त्वरित निराकरण करेगा। उनके इस संबोधन ने उपस्थित नागरिकों में सेवा भावना को और अधिक प्रबल किया।
कार्यक्रम में रहा पूरा प्रशासनिक अमला उपस्थित
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के प्रदेश सचिव मनोज पुष्प (IAS), पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा, एसडीएम पूर्वा मंडलोई, सीएमओ संजय रावल, एसडीओपी श्वेता शुक्ला, नायब तहसीलदार संजय बावेल, थाना प्रभारी पंकज तिवारी, जिला पंचायत से नीरज अमझरे व सहायक परियोजना अधिकारी उमेश जोशी सहित पूरा प्रशासनिक अमला एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने दीप प्रज्वलन एवं महाआरती कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।

भाजपा के मंचीय कार्यक्रम में कम उपस्थिति को लेकर रही चर्चा
दूसरी ओर, घाट परिसर में आयोजित भाजपा के मंचीय कार्यक्रम के दौरान सहभागिता को लेकर स्थानीय स्तर पर काफी सुगबुगाहट रही। मंच पर वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति के बावजूद सामने लगाई गई अधिकांश कुर्सियां खाली नजर आईं और बेहद कम संख्या में लोग उपस्थित रहे। नर्मदा तट पर आयोजित इस मंचीय कार्यक्रम में अपेक्षित उपस्थिति न होने और खाली पड़ी कुर्सियों को लेकर दिनभर तरह-तरह की चर्चाएं बनी रहीं।
जिले में दिखा सेवा और आस्था का अनूठा संगम
इस पूरे आयोजन ने खरगोन जिले में सेवा, समर्पण और आध्यात्मिक आस्था का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। प्रशासनिक अधिकारियों एवं नागरिकों की सामूहिक भागीदारी ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला प्रशासन ने बताया कि आगामी दिनों में भी सेवा पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन जिलेभर में निरंतर किया जाता रहेगा।
