Gandhari ने हासिल किया ग्लोबल नंबर 1 का मुकाम, 9.6 मिलियन व्यूज़ के साथ बनाया नया रिकॉर्ड
एक सप्ताह में सबसे ज्यादा व्यूज़ पाने वाली भारतीय नेटफ्लिक्स ओरिजिनल फिल्म बनने का दावा, 17 देशों में नंबर 1 पर ट्रेंड
मुंबई, सितंबर 2026। तापसी पन्नू और कनिका ढिल्लों की फिल्म ‘Gandhari ’ ने नेटफ्लिक्स पर अपनी रिलीज के दूसरे सप्ताह में जबरदस्त प्रदर्शन किया है। फिल्म ने दूसरे सप्ताह में 9.6 मिलियन व्यूज़ और 18.7 मिलियन वॉच ऑवर्स दर्ज किए। पहले सप्ताह में फिल्म को 5.9 मिलियन व्यूज़ और 11.5 मिलियन वॉच ऑवर्स मिले थे।
फिल्म की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, नेटफ्लिक्स की आधिकारिक ग्लोबल डेटा रिपोर्ट में दर्ज आंकड़ों के आधार पर ‘गांधारी’ किसी भारतीय नेटफ्लिक्स ओरिजिनल फिल्म के लिए एक सप्ताह में सबसे ज्यादा व्यूअरशिप दर्ज करने वाली फिल्म बन गई है। फिल्म ने नेटफ्लिक्स के नॉन-इंग्लिश मूवीज ग्लोबल चार्ट में नंबर 1 स्थान हासिल किया है।
फिल्म के अनुसार, ‘गांधारी’ 17 देशों में नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही है और दुनिया के 58 देशों में नेटफ्लिक्स की टॉप 10 फिल्मों में शामिल है।
तापसी और कनिका की तीसरी नेटफ्लिक्स ब्लॉकबस्टर
‘गांधारी’ कनिका ढिल्लों और तापसी पन्नू की साथ में तीसरी नेटफ्लिक्स फिल्म है। इससे पहले दोनों की जोड़ी ‘हसीन दिलरुबा’ और ‘फिर आई हसीन दिलरुबा’ में नजर आ चुकी है।
कनिका ढिल्लों के लिए भी यह नेटफ्लिक्स के साथ लगातार चौथी सफल फिल्म बताई जा रही है। इससे पहले वह ‘हसीन दिलरुबा’ फ्रेंचाइजी और ‘दो पत्ती’ जैसी फिल्मों से जुड़ी रही हैं।
तापसी पन्नू ने जताई खुशी
फिल्म के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिनेत्री तापसी पन्नू ने कहा कि दुनिया भर में फिल्म को मिल रहा प्यार और दूसरे सप्ताह में व्यूअरशिप में हुई वृद्धि उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि जब दर्शक किसी फिल्म को शुरुआती आंकड़ों से आगे ले जाते हैं तो यह दर्शाता है कि फिल्म ने दर्शकों के साथ कनेक्शन बनाया है।
तापसी ने इसे कनिका ढिल्लों के साथ उनकी शानदार हैट्रिक बताते हुए भविष्य में दर्शकों के लिए और बेहतर काम लाने की उम्मीद जताई।
कनिका ढिल्लों ने दर्शकों का जताया आभार
लेखिका और निर्माता कनिका ढिल्लों ने फिल्म को मिल रही प्रतिक्रिया के लिए दर्शकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दूसरे सप्ताह में मिली मजबूत व्यूअरशिप विशेष रूप से उत्साहजनक है और यह दर्शाती है कि दर्शकों ने कहानी को पसंद किया है।
उन्होंने नेटफ्लिक्स और इससे जुड़े साझेदारों का भी आभार जताते हुए कहा कि स्थानीय और भारतीय जड़ों से जुड़ी कहानियों को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने के लिए ऐसे मंच महत्वपूर्ण हैं।
मां की संघर्ष की कहानी है ‘गांधारी’
कथा पिक्चर्स द्वारा निर्मित और देवाशीष मखीजा द्वारा निर्देशित ‘गांधारी’ एक मां की कहानी है, जो अपने अपहृत बच्चे को बचाने के लिए कठिन परिस्थितियों का सामना करती है। फिल्म में एक मां के संघर्ष, दृढ़ता और अपने बच्चे को वापस पाने की कोशिश को केंद्र में रखा गया है।
फिल्म फिलहाल दुनिया भर में नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।
