त्योहारों में शांति और पर्यावरण संरक्षण पर जोर, तेज आवाज में डीजे बजा तो होगी जब्ती
Mandleshwar । आगामी गणेश चतुर्थी एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और पर्यावरण संरक्षण के साथ मनाने को लेकर शुक्रवार को पुलिस थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस, नगर परिषद, व्यापारी संघ सहित समिति सदस्यों ने कानून-व्यवस्था, गणेश प्रतिमा विसर्जन, ध्वनि प्रदूषण और स्वच्छता को लेकर चर्चा की।
पीओपी प्रतिमाओं का नर्मदा में नहीं होगा विसर्जन
थाना प्रभारी पंकज तिवारी ने प्रतिमा निर्माण और विसर्जन के दौरान पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने मिट्टी एवं गोबर से निर्मित गणेश प्रतिमाओं को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीओपी से निर्मित प्रतिमाओं का विसर्जन नर्मदा नदी में नहीं किया जाएगा। ऐसी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए अलग से पोखर की व्यवस्था की जाएगी।
घर पर भी कर सकते हैं विसर्जन
बैठक में नवीन अग्रवाल ने सुझाव दिया कि श्रद्धालु गणेश प्रतिमा का विसर्जन घर पर स्वच्छ जल से भरे पात्र में भी कर सकते हैं। इससे धार्मिक परंपरा का पालन होने के साथ नर्मदा नदी को प्रदूषण से बचाने में मदद मिलेगी। लोगों से जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की गई।

तेज आवाज में डीजे बजाने पर कार्रवाई
एसडीएम पूर्वा मंडलोई ने त्योहारों के दौरान डीजे के उपयोग को लेकर निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तय मानकों के विपरीत तेज आवाज में डीजे बजाने पर कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर डीजे उपकरण जब्त भी किए जा सकते हैं।
बैठक में अनिरुद्ध हलवे ने धार्मिक स्थलों और मस्जिदों में उपयोग होने वाले ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज की भी जांच किए जाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि ध्वनि सीमा के नियम सभी के लिए समान रूप से लागू किए जाने चाहिए, ताकि तेज आवाज से नगरवासियों को परेशानी न हो।
शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
प्रशासन ने आयोजन समितियों से त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, स्वच्छता का ध्यान रखने और प्रशासन के साथ समन्वय करने की अपील की। गणेश उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई।
ये रहे उपस्थित
बैठक में थाना प्रभारी पंकज तिवारी, सीएमओ संजय रावल, व्यापारी संघ अध्यक्ष भरत राठौर सहित सतीश मोयदे, ब्रह्मदत्त चौहान, मनोज शर्मा, महेंद्र जैन, कमलेश चौहान, अनिरुद्ध हलवे, हरि अग्रवाल, राजेश पवार, वीरेंद्र पाटीदार, गणेश मामा, लोकेश केवट, गोलू मामा सहित अन्य समिति सदस्य उपस्थित रहे।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि आगामी त्योहारों को शांति, अनुशासन, स्वच्छता, सामाजिक सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण के साथ मनाया जाए।
