स्कूल के शौचालय में गिरकर छात्रा घायल, पैर में लगे 16 टांके
निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, अभिभावकों ने की जांच की मांग
रिपोर्टर: मनोज कुमार पुष्पद
दैनिक स्वराज वाणी, पड़ाना। आवास कॉलोनी स्थित बालक हायर सेकेंडरी स्कूल में बनाए गए शौचालय की अव्यवस्थित संरचना विद्यार्थियों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। पिछले दिनों स्कूल की छात्रा काजल मालवीय शौचालय परिसर में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके पैर में गहरी चोट आई, जिसके बाद निजी नर्सिंग होम में उपचार के दौरान 16 टांके लगाए गए।
बताया जा रहा है कि ठेकेदार द्वारा शौचालय का निर्माण व्यवस्थित तरीके से नहीं किया गया है। शौचालय का फर्श दालान के स्तर से करीब आधा फीट नीचे बनाया गया है। इसी असमानता के कारण छात्रा का संतुलन बिगड़ने और गिरने की बात सामने आई है। हादसे के बाद स्कूल के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप
घटना के बाद स्कूल में कराए गए निर्माण कार्य की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। अभिभावकों का आरोप है कि शौचालय बनाते समय आवश्यक सुरक्षा मानकों और फर्श के स्तर का ध्यान नहीं रखा गया। यदि निर्माण व्यवस्थित होता तो इस हादसे से बचा जा सकता था।
छात्रा के अभिभावक ऐलम सिंह मालवीय ने कहा कि विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए बनाए जाने वाले शौचालयों एवं अन्य निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से निर्माण कार्य की जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
शौचालय की व्यवस्था सुधारने की मांग
विद्यार्थियों और अभिभावकों ने संबंधित विभाग से शौचालय की खामियों को तत्काल दूर कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक फर्श के असमान स्तर और अन्य अव्यवस्थाओं को ठीक नहीं किया जाता, तब तक किसी अन्य विद्यार्थी के साथ भी दुर्घटना हो सकती है।
अभिभावकों ने मांग की कि तकनीकी अधिकारियों से पूरे निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराई जाए। साथ ही स्कूल परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जाए।
प्राचार्य को पत्र भेजकर होगी कार्रवाई
सारंगपुर विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुरेश बीरमाल ने बताया कि पड़ाना हायर सेकेंडरी स्कूल के शौचालय में छात्रा के गिरकर घायल होने की जानकारी मिली है। मामले में संस्था के प्राचार्य को पत्र के माध्यम से अवगत कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े तथ्यों और निर्माण व्यवस्था की जानकारी प्राप्त करने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग के आश्वासन के बाद अब अभिभावकों को जांच और शौचालय में आवश्यक सुधार का इंतजार है।
