300 फीट नीचे आई फ्लाइट से मची थी अफरा-तफरी, अब जांच में पायलट के ड्रग टेस्ट ने बढ़ाई चिंता
एयर इंडिया की एक फ्लाइट में हुई सनसनीखेज घटना को लेकर अब बड़ा खुलासा हुआ है। फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट अचानक हवा में 300 फीट नीचे आ गई थी, जिसके बाद विमान में सवार यात्रियों और क्रू के बीच जबरदस्त अफरा-तफरी मच गई थी। अब इस मामले की जांच रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें पायलट के ड्रग टेस्ट को लेकर चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है।
4 अगस्त को हुई थी घटना, 24 लोग हुए घायल
पूरा मामला बीते 4 अगस्त का है। एयर इंडिया की एयरबस A320neo फ्लाइट AI-2379 फुकेत से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान जब विमान ओडिशा के ऊपर से गुजर रहा था, तभी अचानक वह करीब 300 फीट नीचे आ गया। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से विमान में सवार यात्रियों और क्रू मेंबर्स में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान कम से कम 24 लोग घायल हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि विमान को बाद में सुरक्षित तरीके से दिल्ली में लैंड करा लिया गया।
AAIB की जांच में सामने आया चौंकाने वाला सच
घटना के बाद एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने इस मामले की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि दिल्ली पहुंचने के बाद पायलट-इन-कमांड का मेडिकल और ड्रग स्क्रीनिंग टेस्ट कराया गया था। शुरुआती जांच में पायलट के शरीर में साइकोएक्टिव यानी नशीले पदार्थ की मौजूदगी पाई गई। एहतियात के तौर पर दोबारा कराई गई जांच में भी नतीजा पॉजिटिव ही आया, जिससे यह पुष्टि हो गई कि जिस समय पायलट विमान उड़ा रहा था, उस समय वह नशे की हालत में था।
जांच रिपोर्ट में इस बात का भी जिक्र है कि पायलट ने मारिजुआना यानी वीड का सेवन किया था। हालांकि जांच एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि सिर्फ इस एक तथ्य के आधार पर यह निष्कर्ष नहीं निकाला जाना चाहिए कि विमान का अचानक नीचे आना पूरी तरह इसी वजह से हुआ। AAIB के मुताबिक, घटना के तकनीकी, ऑपरेशनल, मेडिकल और मानवीय पहलुओं की गहन जांच अभी भी जारी है, ताकि हादसे की असली वजह का पूरी तरह पता लगाया जा सके।
घटना के बाद एक्शन में आई एयर इंडिया
इस पूरे मामले के सामने आने के बाद एयर इंडिया ने भी सख्त कदम उठाए हैं। कंपनी ने अपने सभी पायलटों की ड्रग स्क्रीनिंग शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। गौरतलब है कि इससे पहले भी दो अन्य पायलट शुरुआती ड्रग टेस्ट में फेल पाए गए थे, जिनके अंतिम परीक्षण के नतीजों का अभी इंतजार किया जा रहा है।
एयर इंडिया की ओर से कहा गया है कि यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा कंपनी की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। एयरलाइन ने भरोसा दिलाया है कि वह जांच एजेंसी AAIB को जांच पूरी करने में हर संभव मदद कर रही है और उसे जरूरी ऑपरेशनल, मेंटेनेंस और तकनीकी रिकॉर्ड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस घटना के बाद विमानन सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, खासकर पायलटों की फिटनेस और ड्रग टेस्टिंग प्रक्रिया को लेकर।
