ऋषभदेव गौरव न्यास का सातवां सम्मान समारोह 18 अक्टूबर को इंदौर में आयोजित होगा। समाजसेवा और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। 16 से 18 अक्टूबर तक भारतीय ज्ञान परंपरा और जैन साहित्य पर संगोष्ठी भी होगी।
ऋषभदेव गौरव न्यास का भव्य 7वां सम्मान समारोह 18 अक्टूबर को इंदौर में, प्रतिभाओं को मिलेगा ₹1.11 लाख का पुरस्कार
रिपोर्टर – राजेश जैन दद्दू
इंदौर।
ऋषभदेव गौरव न्यास सम्मान समारोह आगामी 18 अक्टूबर को इंदौर के रविंद्र नाट्य गृह में आयोजित किया जाएगा। इंदौर नगर एवं अंचल की प्रतिभाओं को सम्मानित एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वर्ष 2013 में गठित ऋषभदेव गौरव न्यास इंदौर की साधारण सभा ग्राम सोनवाय (राऊ) स्थित टीएनए सॉल्यूशंस लिमिटेड के सभागार में संपन्न हुई। सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गौरव न्यास का सातवां सम्मान समारोह आगामी 18 अक्टूबर को रविंद्र नाट्य गृह इंदौर में संपन्न होगा। समारोह की अध्यक्षता प्रोफेसर डॉ. अनुपम जैन करेंगे।
ऋषभदेव गौरव न्यास सम्मान समारोह में दिए जाएंगे प्रमुख सम्मान
न्यास के मंत्री जैनेश झांझरी ने बताया कि सेवा के क्षेत्र में सतत, निष्पक्ष एवं समाज कल्याण की उत्कृष्ट भावना से समाज की सेवा करने वाले 60 वर्ष से अधिक आयु वाले समाजसेवी को जैन समाज गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाता है।
वहीं 45 वर्ष से कम आयु वाले किसी एक ऐसे युवा को जैन युवा गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाता है, जिसने कला, साहित्य, विज्ञान, तकनीक, अनुसंधान एवं खेलकूद आदि क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा एवं समर्पण से समाज का गौरव बढ़ाया हो।
इन दोनों पुरस्कारों के लिए चयनित प्रतिभाओं को पुरस्कार के रूप में 1 लाख 11 हजार रुपये की राशि, शाल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाता है।
इसके अलावा जैन धर्म के गौरव में अभिवृद्धि करने वाले मनीषी विद्वान को जैन धर्म गौरव सम्मान एवं समाज की पांच अन्य युवा प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है।
तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल करेगा प्रतिभाओं का चयन
प्रतिभाओं के चयन के लिए तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल का गठन किया गया है। इसमें न्यायमूर्ति श्री जे.के. जैन, आईआईटी इंदौर के पूर्व निदेशक प्रोफेसर निलेश कुमार जैन एवं माइक्रोसॉफ्ट इंजीनियर प्रकाश छाबड़ा को मनोनीत किया गया है।
निर्णायक मंडल विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं में से सम्मान के लिए चयन करेगा।
16 से 18 अक्टूबर तक तीन दिवसीय संगोष्ठी
धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि न्यास द्वारा समारोह के अंतर्गत 16, 17 एवं 18 अक्टूबर को ‘भारतीय ज्ञान परंपरा और जैन साहित्य’ विषय पर तीन दिवसीय संगोष्ठी भी आयोजित की जाएगी। इसमें देश के लब्ध प्रतिष्ठित विद्वान विचार-विमर्श करेंगे।
इसी के साथ तीर्थंकर ऋषभदेव विद्वत महासंघ की कार्यकारिणी की बैठक भी होगी। 18 अक्टूबर को सम्मान समारोह के अवसर पर ज्ञानोदय फाउंडेशन इंदौर द्वारा ज्ञानोदय पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
साधारण सभा में समाज के गणमान्यजन रहे उपस्थित
डॉ. संगीता विनायका के मंगलाचरण से प्रारंभ हुई सभा में डॉ. अनुपम जैन, पुरस्कार प्रायोजक अंबुज जैन, हंसमुख गांधी, डॉ. जैनेन्द्र जैन, अनिल जैनको, टी.के. वेद, अनुज जैन, अशोक खासगीवाला, एस.के. जैन इंडोरामा, राजेश जैन दद्दू, राजीव रतन जैन, उषा पाटनी और डॉ. अनुपमा जैन सहित समाज के श्रेष्ठी उपस्थित थे।
सभा के अंत में हंसमुख गांधी ने सभी का आभार माना।
एक नजर में कार्यक्रम
मुख्य समारोह: ऋषभदेव गौरव न्यास का सातवां सम्मान समारोह
तारीख: 18 अक्टूबर
स्थान: रविंद्र नाट्य गृह, इंदौर
अध्यक्षता: प्रोफेसर डॉ. अनुपम जैन
संगोष्ठी: 16, 17 एवं 18 अक्टूबर
विषय: भारतीय ज्ञान परंपरा और जैन साहित्य
प्रमुख पुरस्कार राशि: ₹1,11,000
