पंचवटी कॉलोनी में प्लॉट धारकों से धोखाधड़ी के आरोप, कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार
इंदौर। शहर की पंचवटी कॉलोनी में प्लॉट धारकों ने कॉलोनाइजर पर धोखाधड़ी और वर्षों से प्लॉट का कब्जा नहीं देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर गुरुवार को कुछ पीड़ित प्लॉट धारकों ने कलेक्टर शिवम वर्मा से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ितों ने पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में कॉलोनाइजर रोहित सांगी का नाम लेते हुए प्लॉट धारकों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से उन्हें उनके प्लॉट का अधिकार नहीं मिल पाया है। आवेदक संदीप गर्ग के मुताबिक, वर्ष 1996 से तलावली चांदा क्षेत्र में कॉलोनी विकसित करने के नाम पर लोगों को प्लॉट बेचने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इस दौरान कई लोगों से प्लॉट के बदले राशि ली गई, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी कई खरीदारों को प्लॉट का कब्जा नहीं मिल सका।

कई प्लॉट धारकों को अब तक नहीं मिला कब्जा
पीड़ितों का कहना है कि कुछ प्लॉट धारकों को अभी तक जमीन का कब्जा नहीं दिया गया है, जबकि कुछ मामलों में रजिस्ट्री भी नहीं होने की बात सामने आई है। इससे प्रभावित लोग लंबे समय से अपने निवेश और संपत्ति को लेकर परेशान हैं।
संदीप गर्ग ने बताया कि कॉलोनी से जुड़े करीब एक दर्जन से अधिक लोग इस समस्या से प्रभावित हैं। उनका आरोप है कि संबंधित पक्ष से कई बार संपर्क कर मामले का समाधान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन वर्षों से समस्या जस की तस बनी हुई है।

प्लॉट देने के बजाय सरेंडर का विकल्प देने का आरोप

प्रशासन से जांच और समाधान की मांग
प्लॉट धारकों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और वर्षों से लंबित कब्जे, रजिस्ट्री तथा प्लॉट से संबंधित समस्याओं का समाधान कराया जाए। उनका कहना है कि लंबे समय से पैसा लगाने के बावजूद संपत्ति का अधिकार नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अब पीड़ितों को उम्मीद है कि प्रशासनिक जांच के बाद मामले में स्थिति स्पष्ट होगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्लॉट धारकों को उनके अधिकार दिलाने की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे।

