विधायक के प्रयासों से फोरलेन में तब्दील होगा खलघाट-मनावर-मांगोद मार्ग
कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव को मिली मंजूरी
Manawar । क्षेत्र के प्रमुख खलघाट-मनावर-मांगोद मार्ग को अब फोरलेन में परिवर्तित किया जाएगा। विधायक डॉ. हीरालाल अलावा द्वारा लंबे समय से इस मार्ग को फोरलेन बनाने और क्षेत्र में बायपास निर्माण की मांग को लेकर विधानसभा से लेकर मीडिया तक लगातार आवाज उठाई जा रही थी। विधायक के प्रयासों के बाद अब इस मांग को सफलता मिली है।
लोक निर्माण विभाग के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ हुई कैबिनेट बैठक में स्वीकृत प्रस्तावों की जानकारी साझा करते हुए खलघाट-मनावर-मांगोद मार्ग को फोरलेन में परिवर्तित किए जाने की घोषणा की।
विधायक ने मुख्यमंत्री और मंत्री का जताया आभार
मार्ग को फोरलेन में बदलने की घोषणा के बाद विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही इस महत्वपूर्ण मांग के पूरा होने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
विधायक ने इस मार्ग को क्षेत्र के विकास और बेहतर आवागमन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण बताया है।
राष्ट्रीय और राज्य मार्गों से जुड़ेगा क्षेत्र
डॉ. अलावा ने बताया कि वर्तमान में टू-लेन यह मार्ग खलघाट में मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ता है। वहीं फोरलेन बनने के बाद यह मार्ग क्षेत्र के आवागमन को और सुगम बनाने के साथ इंदौर-अहमदाबाद स्टेट हाईवे से बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
फोरलेन मार्ग बनने से मालवाहक वाहनों और आम यात्रियों के आवागमन को सुविधा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही क्षेत्र में व्यापारिक और औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।
औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने से बढ़ा यातायात दबाव
विधायक डॉ. हीरालाल अलावा, जो राष्ट्रीय संरक्षक जयस भी हैं, ने बताया कि क्षेत्र में लगातार नए उद्योग आ रहे हैं। वर्तमान में चार सीमेंट फैक्ट्रियां अपना उत्पादन कर रही हैं। इन औद्योगिक इकाइयों के कारण बड़े वाहनों और डंपरों की आवाजाही लगातार बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि टू-लेन सड़क होने के कारण भारी वाहनों के दबाव से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। कई बार बड़े वाहनों के कारण गंभीर सड़क हादसे भी सामने आए हैं। मनावर क्षेत्र में प्रतिदिन डंपरों और अन्य भारी वाहनों के कारण जाम की स्थिति बनती रही है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
हादसों में कमी आने की उम्मीद
विधायक ने कहा कि मार्ग को फोरलेन में परिवर्तित किए जाने से यातायात का दबाव व्यवस्थित होगा और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। उनका कहना है कि पिछले समय में कई लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवा चुके हैं, इसलिए इस मार्ग का चौड़ीकरण केवल विकास के लिए ही नहीं, बल्कि जनसुरक्षा की दृष्टि से भी बेहद जरूरी है।
फोरलेन बनने के बाद भारी वाहनों की आवाजाही के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध होगी और यातायात को सुचारु रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी।
क्षेत्र के विकास को मिलेगी गति
खलघाट-मनावर-मांगोद मार्ग के फोरलेन में तब्दील होने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख राज्य मार्गों से बेहतर कनेक्टिविटी होने से मनावर सहित आसपास के क्षेत्रों को इसका लाभ मिलने की संभावना है।
लंबे समय से चली आ रही इस मांग को मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्रवासियों में भी उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में सड़क व्यवस्था बेहतर होगी और यातायात से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सकेगा।
